
Cristiano Ronaldo
नई दिल्ली : कोरोना वायरस (Coronavirus) के कारण लंबे समय से पूरी दुनिया में खेल गतिविधियां रुकी हुई है, लेकिन अब कुछ देशों की सरकार की तरफ हरी झंडी मिलने के बाद उम्मीद है कि यूरोप में जल्द ही फुटबॉल मैच देखने को मिलेगा। अपने-अपने क्लब से खेलने के लिए विदेशी खिलाड़ियों की वापसी होने लगी है। इन खिलाड़ियों को 15 दिन क्वारंटाइन में बिताने के बाद अभ्यास की अनुमति मिल जाएगी। फुटबॉलरों को अभ्यास पर जाने से दो दिन पहले कोरोना टेस्ट कराना होगा।
ये खिलाड़ी लौटे वापस
करीब दो महीने अपने घर पुर्तगाल रहने के बाद युवेंटस के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो इटली लौट आए हैं। इनके अलावा फेडरिको बर्नाडस्की, जुआन कुआड्रैडो, कार्लो पिंसोग्लियो और एरोन रैमसे भी वापस आ गए हैं। इन सभी खिलाड़ियों का कोरोना टेस्ट ले लिया गया है। अब इन्हें 15 दिन तक क्वारंटाइन में रहना होगा। इसके बाद अपने-अपने क्लब की ओर से अभ्यास में जुट जाएंगे। सीरी ए की मौजूदा चैम्पियन युवेंटस ने अपने सभी 10 विदेशी खिलाड़ियों को बुला लिया है। मध्यपंक्ति में खेलने वाले रामसे ने बंद स्टेडियम में अभ्यास शुरू कर दिया है। ऐसा करने वाले वह पहले खिलाड़ी बने हैं। बता दें की सीरी ए लीग 10 मार्च को स्थगित कर दी गई थी।
खेल मंत्री बोले, सिर्फ अभ्यास की दी गई है छूट
इटली के सीरी-ए लीग की सभी 20 टीमें चाहती हैं कि टूर्नामेंट शुरू हो, लेकिन इटली के खेल मंत्री विन्सेंजो स्पाडफोरा ने स्पष्ट कर दिया है कि अभी टूर्नामेंट शुरू करने की इजाजत नहीं दी गई है। खिलाड़ियों को फिलहाल व्यक्तिगत अभ्यास की छूट दी गई है। 18 मई के बाद ही इन्हें टीम के साथ अभ्यास करने की छूट पर फैसला होगा। वहीं खिलाड़ियों को निजी तौर पर अभ्यास की छूट मिलने के बाद प्रशंसकों में यह उम्मीद पैदा हुई है कि लीग भी जल्द शुरू हो सकता है।
Published on:
6 May 2020, 2:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.