
यहां 20 दिनों से बंद पड़ा हैंडपंप जिम्मेदार उदासीन शोभा की सुपारी बना सालीचौका का हैंडपंप
गाडरवारा। गर्मी के दिनों में पानी की अहमियत तथा जरूरत बढ़ जाती है। ऐसे में ग्रामीण अंचलों में लोगों को जलापूर्ति के सुलभ साधन हैंडपंप खराब होने से परेशानियों का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। क्षेत्र में अनेक गांवों में नल जल योजना के तहत ट्यूबवेल के जरिए वाटर सप्लाई की जाती है। लेकिन गांवों में बिजली गुल होने एवं अनेक कारणों से हैंडपंप ही गर्मी में लोगों को पानी का आसान साधन रहते हैं। तहसील के कुछ ग्रामीण क्षेत्र ऐसे भी हैं, जहां हैंडपंप खराब होने की शिकायत के बाद तत्काल सुधार कर दिया जाता है, वहीं अनेक गांवों, कस्बों में हैंडपंप खराब होने के बाद इन्हे सुधारने के लिए कोई सुध नहीं ली जा रही।
सूचना मिलते ही सुधरा देतपोन बस स्टंैड का नल
सांईखेड़ा के पास देतपोन बस स्टैंड पर हैंडपंप खराब होने से आने जाने वाले लोगों को गर्मियों के मौसम पानी की परेशानी सामना करना पड़ा रहा था। क्षेत्रीय लोगों ने जब इसकी सूचना नल ठेकेदार को दी, तो उन्होंने तत्परता से मौके पहुंच कर नल सुधार किया। हैंडपंप सुधार होने से ग्राम के लोगों को गर्मी में फिर से पेयजल सुविधा मिलेगी।
यहां 20 दिनों से बंद पड़ा हैंडपंप जिम्मेदार उदासीन
जनपद पंचायत साईंखेड़ा के अंतर्गत ग्राम पंचायत खुर्सीपार के जाटव मोहल्ला अंबेडकर भवन के पास का सरकारी हैंडपंप बीते लगभग 20 दिनों से खराब पड़ा है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस हैंडपंप के पाइप, वाशर आदि पूरा सामान खराब है। इससे गर्मी के मौसम में लोग पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। वहीं लाक डाउन के चलते पानी लेने वार्डवासी दूर भी नहीं जा सकते।
शोभा की सुपारी बना सालीचौका का हैंडपंप
सालीचौका-गाडरवारा। इस बार अच्छी बरसात हेोने से वाटर लेबिल अच्छा है। उनके बाद भी सालीचौका नगर के हैंडपंप बंद पड़े शोभा की सुपारी साबित हो रहे हैं। इसी प्रकार एक साल से नगर के वार्ड नंबर चार का एक हैंडपंप बंद पड़ा हुआ है। गत दिवस विद्युत सप्लाई के चलते नलकूप की मोटर खराब हो गई थी। जिसके कारण एक दिन पेयजल सप्लाई प्रभावित हुई। अगले दिन पुन: विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होने की बात की गई। जिससे वार्ड में पानी की समस्या बढ़ती जा रही है और लोग इस भीषण गर्मी में बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। पानी नहीं मिल पाने से लोग बेहद परेशान हैं। लोगों का कहना है हैंडपंप ठीक रहने सेजलापूर्ति बाधित होने के बावजूद लोग आसानी से पानी की पूर्ति कर सकते थे। नगर वासियों ने परिषद से सुधार की मांग की है।
Updated on:
1 May 2020, 5:24 PM IST
Published on:
1 May 2020, 5:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.