
CG Accident
CG Accident: गांव से गरियाबंद जाने वाले रोड पर मंगलवार रात करीब 8 बजे बड़ा हादसा हुआ। खरखरा पुल के पास एसके ब्रदर्स का तेज रफ्तार ट्रक पिकअप वाहन को टक्कर मारते हुए 15 फीट गहरे पुल में जा गिर गया। हादसे के समय ट्रक ड्राइवर शराब के नशे में था। तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था। घटना के वक्त 12 साल का उसका बच्चा भी साथ बैठा था।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक गरियाबंद से खरखरा की ओर आ रहा था। खरखरा नर्सरी के पास ट्रक ने पीएचई विभाग के नल-जल योजना का सामान ले जा रही टाटा मैजिक पिकअप को टक्कर मारी। इसके बाद ड्राइवर ने गाड़ी की स्पीड और बढ़ा दी। खरखरा मोड़ पहुंचते तक गाड़ी बुरी तरह बेकाबू हो गई थी। यहां ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए पुल के नीचे जा गिरा।
दुर्घटना में टाटा मैजिक के चालक रामेश्वर जांगड़े को हल्की चोट आई, जबकि ड्राइवर फगुराम मरकाम के बाएं हाथ और कमर में चोट आई है। ड्राइवर के साथ उसका 12 साल का बेटा भी था। उसे भी हल्की चोटें आई हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ड्राइवर शराब के नशे में था।
तेज रफ्तार ट्रक आता देखकर कई दुपहिया चालकों ने अपनी बाइक साइड में लगा दी थी। हादसे के बाद वाहन मालिक ने ट्रक ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। वहीं टाटा मैजिक के चालक ने छुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। गौरतलब है कि ऐसे मामलों में मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 185 के तहत छह महीने की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
Updated on:
28 Nov 2024, 11:43 AM IST
Published on:
28 Nov 2024, 11:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.