
लुटेरी दुल्हन (फोटो पत्रिका नेटवर्क)
Looteri Dulhan Gang: मध्य प्रदेश के नीमच जिले से शादी की चाहत में बिहार के गया जी पहुंचे दो युवकों को एक दलाल और फर्जी दुल्हन ने अपने जाल में ऐसा फंसाया कि वे जिंदगी भर नहीं भूलेंगे। गिरोह ने पहले झांसा देकर युवकों से कोर्ट मैरिज कराई और फिर बीच सड़क पर गुंडों को बुलाकर दोनों युवकों की बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद गिरोह 1.70 लाख रुपये कैश, मोबाइल फोन और कोर्ट मैरिज के सारे कागजात लूटकर फरार हो गया। पीड़ित युवक रामचंद्र बामनिया ने विष्णुपद थाने में मुख्य दलाल शिबू, कथित दुल्हन और उसके सहयोगियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, मध्य प्रदेश के नीमच जिले के जननोद गांव निवासी रामचंद्र बामनिया की मुलाकात करीब दो साल पहले मंदसौर में गया निवासी शिबू नाम के एक व्यक्ति से हुई थी। शिबू ने खुद को बहुत मददगार बताया था और दोनों के बीच बातचीत होती रहती थी। 23 जून को रामचंद्र अपने साथी पुकार भाव के साथ गया जंक्शन पहुंचे। वहां शिबू उनसे मिलने पहुंचा। बातों-बातों में रामचंद्र ने शिबू को बताया कि उन्हें अपने साथी पुकार भाव के लिए एक अच्छी लड़की की तलाश है और वे शादी करना चाहते हैं। शिबू ने तुरंत झांसा दिया कि उसकी अपनी रिश्तेदारी में एक बहुत अच्छी लड़की है, जिससे वह शादी करवा सकता है।
शिबू ने दोनों युवकों को जाल में फंसाने के लिए गया के एक स्कूल के पास बुलाया और कथित लड़की तथा उसके परिजनों से मिलवाया। बातचीत के दौरान लड़की के फर्जी परिजनों ने आर्थिक सहायता और शादी के खर्च के नाम पर 1 लाख 70 हजार की मांग रखी। शादी की जल्दबाजी में युवकों ने उनकी बात मान ली। पीड़ितों का विश्वास जीतने के लिए गिरोह ने 24 जून को लड़की को करीब 20,000 के कपड़े खरीदवाएं। इसके बाद गिरोह के सदस्य दोनों युवकों को एक गाड़ी में बैठाकर कोर्ट ले गए, जहां कोर्ट मैरिज की प्रक्रिया और कागजी कार्रवाई पूरी कराई गई। पुकार भाव और रामचंद्र बेहद खुश थे कि शादी संपन्न हो गई।
कोर्ट से बाहर निकलते ही गिरोह के सदस्य दोनों युवकों को एक मंदिर ले गए और वहां तुरंत 1.70 लाख रुपये नकद देने का दबाव बनाने लगे। इसी बीच कथित दुल्हन के साथ आई एक महिला ने फोन पर किसी से वहां पहुंचने को कहा। यह सुनते ही मध्य प्रदेश के दोनों युवकों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने बहाना बनाया कि पैसे स्टेशन पर रखे बैग में हैं और वे वहां दे देंगे। इसके बाद वे तुरंत एक ऑटो पकड़कर स्टेशन की ओर निकल गए।
लेकिन विष्णुपद थाना क्षेत्र के बाइपास रोड पर अचानक दो बाइकों पर सवार 5 बदमाशों ने उनके ऑटो को घेरकर रोक लिया। बदमाशों ने ऑटो से दोनों युवकों को खींचकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। उनके साथ ऑटो में बैठी कथित नई नवेली दुल्हन और उसकी महिला रिश्तेदारों ने भी दूल्हे को सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटना शुरू कर दिया। बदमाश युवकों के पास रखे 1.70 लाख कैश, उनके मोबाइल फोन और कोर्ट मैरिज के सारे असली दस्तावेज लूटकर पलक झपकते ही फरार हो गए।
गया जिले में बाहरी राज्यों के दूल्हों को निशाना बनाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले गया के ही बेलागंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में भी ऐसा ही कांड सामने आया था। वहां राजस्थान के संजय पटवा के साथ शादी के कुछ ही घंटों बाद दुल्हन और उसके पूरे परिजन घर से रफूचक्कर हो गए थे। उस मामले में भी दूल्हे ने शादी से पहले तय लेन-देन के तहत दुल्हन को सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी की पायल, वस्त्र और 1.10 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे।
Updated on:
27 Jun 2026 07:04 am
Published on:
27 Jun 2026 07:04 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
