
गाजियाबाद. जिले में कोरोना वायरस के लगातार मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या एक हजार पार हो चुकी है। इसके चलते लोग दहशत के साए में जीने को मजबूर हैं। ताजा मामला लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के पंचवटी कॉलोनी का है। जहां एक व्यक्ति की कोराेना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसने घर में फांसी का फंदा लगाकर सुुसाइड कर लिया है। इस मामले के बाद लोनी बॉर्डर थाना प्रभारी ने सामुदायिक केंद्र लोनी प्रभारी को पत्र भेजकर मृतक की 70 वर्षीय मां और पत्नी-बच्चों समेत 10 लोगों को क्वारंटीन करने की मांग की है।
दरअसल, सुसाइड करने वाला व्यक्ति छह दिन से बुखार से पीड़ित था और उसे सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी। उसने डॉक्टर की सलाह पर तीन दिन पहले कोरोना की जांच कराई थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात उसकी रिपोर्ट काेरोना पाॅजिटिव आई थी। जैसे ही उस व्यक्ति को अपने संक्रमित होने की जानकारी मिली तो वह दहशत में आ गया। इस दौरान उसे परिवार वालों ने समझाते हुए कहा कि कुछ नहीं होगा, जिस तरह अन्य लोग ठीक हो रहे हैं, वह भी ठीक हो जाएगा। बताया जा रहा है कि जब घर में सभी लोग सो गए तो उस व्यक्ति ने फांसी के फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया।
24 घंटे में 121 नए केस
गौरतलब हो कि गौतमबुद्ध नगर के साथ गाजियाबाद में भी कोविड-19 तेजी से अपने पैर पसार रहा है। दोनों जिलों में संक्रमितों का आंकड़ा एक हजार को पार कर चुका है। मंगलवार देर रात तक स्वास्थ्य विभाग को रिपोर्ट के अनुसार, 24 घंटे में गाजियाबाद में सबसे ज्यादा 121 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद यहां कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 1079 हो चुकी है। रिपोर्ट के बाद से स्वास्थ्य विभाग भी बेहद चिंतित है, लेकिन तमाम प्रयास के बावजूद मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं।
Published on:
24 Jun 2020, 1:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.