गाजियाबाद. 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा को बड़ा झटका लगा है। पैसे लेकर चुनावों में टिकट बांटने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। बता दें कि गाजियाबाद के लोनी में एक महिला नेत्री ने भाजपा नेता पर टिकट के एवज में 5 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया था। महिला नेत्री ने भाजपा के आला नेताओं से भी शिकायत की, लेकिन आरोपी नेता पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद महिला नेत्री ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, जिसे गंभीरता से लेते हुए आरोपी भाजपा नेता के खिलाफ ट्रोनिका सिटी थाने में केस दर्ज करने के आदेश दिए हैं। हालांकि थाना प्रभारी ने कहा है कि अभी तक न्यायालय के आदेश दर्ज नहीं हुए हैं। आदेश मिलते ही कार्रवाई की जाएगी। इधर, मामले में कोर्ट का आदेश आते ही विपक्षियों की बाछें खिल गई हैं। अब वे इस मुद्दे को लोकसभा चुनाव में भुना सकते हैं।