
आबकारी विभाग की कस्टडी में युवक की मौत से मचा हड़कंप, विभाग के 7 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
हापुड़. उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में आबकारी विभाग पर एक युवक की हत्या का गंभीर आरोप लगा है। इसके चलते जिला प्रशासन में हड़कंप की स्थिति है। बता दें कि हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में आबकारी विभाग की टीम द्वारा बुधवार सुबह दबिश डालकर एक 30 वर्षीय युवक को हिरासत में लिया गया था। परिजनों का आरोप है कि युवक को छोड़ने के लिए आबकारी विभाग ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। जब वे रिश्वत की रकम लेकर आबकारी विभाग के दफ्तर पहुंचे तो उन्हें युवक अचेत अवस्था में आबकारी कार्यालय पर मिला। परिजन उसे नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीण व परिजन गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करते हुए कोतवाली का घेराव कर लिया। इस मामले में गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली में आबकारी विभाग के 3 नामजद और 4 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के रामपुर नियामतपुर गांव में कल सुबह करीब 10 बजे आबकारी विभाग की टीम ने अवैध शराब बेचने के आरोप में दबिश देकर लेखराज नामक 30 वर्षीय युवक को पकड़ा था। विभाग की टीम उसे आबकारी विभाग कार्यालय ले गई। परिजनों का आरोप है कि जब वे आबकारी विभाग पहुंचे तो उनसे अधिकारियों ने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। परिजन रुपये का इंतजाम करने की बात कहकर वापस लौट आए। आरोप है कि इसी बीच आबकारी विभाग के कार्यालय में लेखराज की जमकर पिटाई की गई। शाम के समय जब परिजन रिश्वत की रकम लेकर आबकारी विभाग के दफ्तर पहुंचे तो लेखराज अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ा था, जिसे उठाकर परिजन नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आबकारी विभाग कि इस करतूत के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई और लोग गढ़मुक्तेश्वर थाने पर इकट्ठा होकर हंगामा करने लगे। हंगामे की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और लोगों को शांत कराने का प्रयास करने लगी। पुलिस ने जब आबकारी विभाग के 7 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की बात कही तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत पड़ा। बता दें कि हंगामे के चलते रोड पर जाम हो गया था। वहीं मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। हालांकि पुलिस फिलहाल इस मामले में कैमरे पर कुछ भी कहने से बच रही है।
Published on:
23 Aug 2018, 12:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.