5 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

धूं-धूं कर जला घर, गाजियाबाद में रिहायशी मकान में लगी भीषण आग, 3 सिलेंडर फटे, 9 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू

Ghaziabad,Cylinder Blast News: गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रिहायशी मकान में भीषण आग से बड़ा हादसा टला। दमकल की टीम ने 9 लोगों को बचाया, 3 सिलेंडर फटने के बावजूद कोई जनहानि नहीं।

2 min read
Google source verification
Ghaziabad fire, Indirapuram fire incident, house fire Ghaziabad

गाजियाबाद में रिहायशी मकान में लगी भीषण आग । फोटो सोर्स- IANS

Ghaziabad,Cylinder Blast News: गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में मंगलवार दोपहर एक रिहायशी मकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें इतनी तेज थी कि मकान में रखे 3 गैस सिलेंडर भी फट गए, जिससे दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, समय रहते दमकल विभाग की फुर्ती और साहस के चलते 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सबसे अच्छी बात यह रही कि किसी की भी जान का नुकसान नहीं हुआ।

कैसे शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन?

मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना मिली। जब दमकल विभाग की टीम प्लॉट नंबर-495, नीति खंड-2 के पास पहुंची, तब तक आग बहुत ज्यादा फैल चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वैशाली फायर स्टेशन से 22,000 लीटर और 14,000 लीटर क्षमता वाले दो वाटर बाउजर और साहिबाबाद से एक अतिरिक्त फायर टेंडर मौके पर बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना घर के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया और कड़ी मेहनत के बाद सभी 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

सिलेंडर फटने से बढ़ गया था खतरा

आग के बीच मकान के अंदर 2 छोटे और 1 बड़ा गैस सिलेंडर फट गया, जिससे स्थिति काफी भयावह हो गई थी। इसके बावजूद दमकल विभाग की टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और आसपास के घरों को भी सुरक्षित बचा लिया। इसके अलावा मौके पर मौजूद 5 मोटरसाइकिल और 3 साइकिलों को भी जलने से बचा लिया गया। इस घटना में राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई और फुर्ती के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

सुरक्षित बचाए गए लोगों की सूची

बचाए गए लोगों में छोटे बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं। इनमें 3 वर्षीय सनी, 7 वर्षीय कार्वीक, 11 वर्षीय गुन्नू, 39 वर्षीय पूजा गुप्ता, 37 वर्षीय नेहा गुप्ता, 42 वर्षीय सीमा, 75 वर्षीय जेपी गुप्ता, 75 वर्षीय प्रभा गुप्ता और 45 वर्षीय शरद शामिल हैं। आग के दौरान मकान में रखे 2 छोटे और 1 बड़ा गैस सिलेंडर फटने से स्थिति और भयावह हो गई थी।