
Ghaziabad: गाजियाबाद पुलिस ने एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों सोशल साइट्स पर लड़कियों से दोस्ती कर उनसे पैसे और घर मे रखी ज्वेलरी ऐंठ लेते थे। एक नाबालिग लड़की के पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी निमिष पाटिल के मुताबिक, यह मामला गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके का है, जहां एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी नाबालिग बेटी का अपहरण कर लिया गया है। अपहरणकर्ताओं द्वारा पांच लाख रुपये की मांग की जा रही है। वहीं पैसे ना देने पर अपहरणकर्ता बेटी को जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। इसके बाद कुणाल शर्मा नामक युवक सहित एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया। पुलिस गिरफ्त में आने के बाद दोनों शातिरों ने बताया कि ये दोनों साजिश के तहत सोशल साइट्स पर लड़कियों से दोस्ती करते थे। इसके बाद उन्हें प्रेम जाल में फंसाकर उनसे पैसे ऐंठते थे।
इतना ही नहीं, उनसे घर में रखी कीमती ज्वेलरी भी ठग लेते थे। पीड़िता को भी इन्होंने अपने जाल में फंसाया ओर दोस्ती कर उससे लाखों रुपये ऐंठने के साथ साथ ज्वेलरी भी ठग ली और पैसे की चाहत में इन्होंने नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसके पिता को व्हाट्सएप कॉल कर पांच लाख रुपये की फिरौती भी मांगी थी। मगर, पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपहृत नाबालिग लड़की को उसके मां-पिता तक सकुशल पहुंचा दिया।
Updated on:
23 Oct 2024, 8:25 AM IST
Published on:
23 Oct 2024, 8:24 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.