
साहिबाबाद पासपोर्ट सेवा केंद्र 7 और 14 जून को विशेष अभियान के तहत खोला जाएगा। फोटो: IANS
गर्मी की छुट्टियों के चलते पासपोर्ट बनवाने की बढ़ती मांग को देखते हुए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, गाजियाबाद ने नागरिकों के लिए एक राहत भरी पहल की है। पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुविधाजनक और सुलभ बनाने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीएसके), साहिबाबाद को दो विशेष तिथियों शनिवार, 7 जून 2025 और शनिवार, 14 जून 2025 को विशेष रूप से खोला जाएगा।
इस विशेष अभियान के बारे में जानकारी देते हुए क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी श्री अनुज स्वरूप (भारतीय विदेश सेवा) ने बताया कि यह पहल विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चलाई जा रही है। इसका प्रमुख उद्देश्य नागरिकों को समयबद्ध, सुगम और प्रभावी पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराना है, विशेषकर उन दिनों में जब छुट्टियों के कारण पासपोर्ट की मांग में अचानक वृद्धि होती है।
अभियान के अंतर्गत इन दोनों तिथियों पर साहिबाबाद पासपोर्ट सेवा केंद्र में प्रतिदिन 500 तत्काल श्रेणी एवं 700 सामान्य श्रेणी के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इससे न केवल अप्वाइंटमेंट की उपलब्धता बढ़ेगी, बल्कि पासपोर्ट प्रक्रिया में लगने वाला समय भी घटेगा।
गौरतलब है कि हर साल गर्मी की छुट्टियों के दौरान पासपोर्ट आवेदन की संख्या में तेजी से इजाफा होता है। कई बार नागरिकों को अप्वाइंटमेंट मिलने में देरी या परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह विशेष अभियान आम नागरिकों के लिए न केवल सहूलियत लेकर आया है, बल्कि समय की बचत और कार्य में पारदर्शिता भी सुनिश्चित करेगा। पासपोर्ट अधिकारी ने सभी इच्छुक नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे समय रहते अपना स्लॉट बुक करें और इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी सेवाएं पूर्व निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही दी जाएंगी, इसलिए दस्तावेजों की तैयारी पूरी रखनी आवश्यक है। पासपोर्ट विभाग की यह पहल निश्चित रूप से उन हजारों लोगों के लिए सहायक सिद्ध होगी जो गर्मियों में विदेश यात्रा या पढ़ाई जैसे कारणों से पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं।
Updated on:
02 Jun 2025 02:33 pm
Published on:
02 Jun 2025 02:28 pm
बड़ी खबरें
View Allगाज़ियाबाद
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
