
अमेरिका से आई ऐसी खबर कि मर्चेंट नेवी में कार्यरत युवक के घर मच गया कोहराम, परिजनों ट्वीट कर सुषमा स्वराज से मांगी मदद
गाजियाबाद. मर्चेंट नेवी में कार्यरत वैशाली के रहने वाले एक युवक की अमेरिका में हुए एक हादसे मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया है। रविवार को उसकी कम्पनी से आए दो लोगो ने परिवार को अमेरिका के बोस्टन शहर में हुए शिप पर हुए किसी हादसे में मौत हो जाने की सूचना दी, लेकिन मौत कब और कैसे हुई इसकी पूरी जानकारी परिजनों को नहीं दी। युवक की मौत की खबर सुनकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनाें ने अब विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को ट्वीट कर मदद की गुहार लगाई है।
बताया जा रहा है कि गाजियाबाद के वैशाली का रहने वाला 26 वर्षीय सुल्तान अहमद मर्चेंट नेवी की एक कंपनी वीआर मेरिटाइम सर्विस प्राइवेट लिमिटेड में बतौर एवल सी मैन वर्कर के रूप में कार्यरत था। 28 सितंबर को वह काम पर गया था, लेकिन उसके बाद फिर वापिस नहीं लौटा। रविवार को उसके परिवार को उसकी मौत की सूचना उसी की कम्पनी के एक कैप्टन और साथ आए किसी कर्मचारी ने दी है। इसके बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक बेटे की मौत से सदमे में आए परिजनों ने भारत सरकार में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मदद की अपील की है। उन्होंने सुषमा स्वराज को ट्वीट करते हुए मदद मांगी है। बताया जा रहा है कि सुल्तान अहमद ने करीब एक साल पहले वीआर मेरिटाइम कम्पनी में एवल सी मैन के पद पर ज्वाइन किया था। तभी से वह लगातर इस कम्पनी में काम कर रहा था। परिवार के अनुसार, अहमद बीती 28 सितंबर में ड्यूटी से घर आया था और कुछ देर बाद ही दोबारा वापस चला गया। उसने परिवार को बताया था कि वह 45 दिन के लिए दोबारा ड्यूटी पर जा रहा है और ड्यूटी खत्म होते ही लौट आएगा।
अचानक युवक की मौत की सूचना के बाद से सुल्तान अहमद का परिवार बेहद परेशान हैं। परिवार को सूचना दी गई है कि सुल्तान अहमद और उसके साथ दो और भारतीयों की मौत हो गई है। यूएसए के बोस्टन में युवक की ड्यूटी थी। जहां किसी हादसे में 2 नवंबर को युवक की मौत हुई है। परिजनों ने बताया कि शनिवार को उन्होंने सुल्तान को फोन किया था, लेकिन बात नहीं हो पाई। वहीं अहमद की कम्पनी के दिल्ली और मुंबई ऑफिस से भी कोई सही जानकारी हादसे की नहीं दी जा रही है। अलग-अलग लोग अलग-अलग बातें परिवार को बता रहे हैं। परेशान परिवार ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से पूरे मामले में मदद करने की गुहार लगाई है, ताकि सही जानकारी परिवार को मिल सके। सूचना के बाद से ही सुल्तान अहमद के परिवार का बुरा हाल है। उसकी मां के आंखों के आंसू नहीं रुक रहे हैं।
Published on:
5 Nov 2018, 10:45 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.