
सीएम योगी ने कहा- मोदी है तो मुमकिन है, विपक्ष पर बोला करारा हमला
गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को अपने तय समय से करीब डेढ़ घंटे लेट हिंडन एयरबेस पर पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर शाम करीब 5.10 पर हिंडन एयरेबस पर उतरा। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे। वहां पर सबसे पहले उन्होंने हिंडन डोमेस्टिक एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन किया। इसके बाद वह सिकंदरपुर में सभास्थल पहुंचे।
ये भी रहे मौजूद
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के साथ केंद्रीय मंत्री वीके सिंह और राज्यपाल रामनाईक भी मौजूद रहे। मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने गवर्नर रामनाईक का स्वागत किया। इसके बाद केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने सभा को संबोधित किया। फिर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी का गुणगान किया। इस दौरान उन्होंने कहा, मोदी हैं तो मुमकिन है। इस पर सभा में मौजूद लोगों ने भी एक साथ नारा लगाया, मोदी हैं तो मुमकिन है। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने माइक संभाला। मंच से ही प्रधानमंत्री मोदी ने कई परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनमें रीजनल रैपिड रेल ट्रांजिट सिस्टम का भी शिलान्यास किया गया। इस योजना के तहत दिल्ली से मेरठ के बीच यात्रा करने वाले लोगों को काफी फायदा होगा।
भारत माता की जय के नारे लगाए
संबोधन शुरू करने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से तीन बार 'भारत माता की जय' का जयकारा लगवाया। इसके बाद लोगों ने दोनों हाथ ऊपर करके भारत माता का जयकारे लगाए। इस बीच प्रधानमंत्री ने किसान सम्मान योजनाओं समेत अनेक योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र दिए।
"अब तीन सी से होती है गाजियाबाद की पहचान"
इसके बाद प्रधानमंत्री ने लोगों से पूछा, पहली सरकार के शासन काल में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पहचान किन कारणें से होती थी। इसके बाद वह बोले, आज गाजियबााद की पहचान तीन सी से होती है। कनेक्टिविटी, क्लीलनीनेस और कैपिटल। आज राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में गाजियाबाद 13वें स्थान पर पहुंच गया है। दो साल पहले 2017 में यह 351 नंबर पर था। इसके अलावा उद्यमियों की मेहनत ने इसे पूरे उत्तर प्रदेश का बिजनेस हब बना दिया है। इतने कम समय में इतने बड़े बदलाव के लिए मैं योगी जी और जिला प्रशासन को बधाई देता हूं।
'हवाई चप्पल पहनने वाला मेरा साथी भी कर पाएगा हवाई सफर'
हिंडन एयरबेस के सिविल टर्मिनल के उद्घाटन पर उन्होंने कहा, अब तक हिंडन की पहचान देश के वायु शक्ति के महत्वपूर्ण सेंटर के लिए होती थी। अब सामान्य सेवा के लिए भी यह बनकर तैयार है। इससे गाजियाबाद के लोगों को अन्य शहरों में जाने के लिए दिल्ली जाने की आव्श्यकता कम पड़ेगी। इसे उड़ान योजना से जोड़ा गया है। यहां से कम दूरी की फ्लाइट मिलेगी। हवाई चप्पल पहनने वाला मेरा साथी भी हवाई सफर कर पाएगा। नौ-दस माह पहले ही इस टर्मिनल का विचार आया था। इतने कम समय में निर्माण कार्य हुआ है। ऐसी ही तेज गति से देश की प्रगति संभव है।
कहा- अब सफर की सफरिंग कम होने वाली है
उन्होंने कहा, एनसीआर की सबसे बड़ी समस्या जाम आैर प्रदूषण है। अब भीषण जाम से बचने का विकल्प मिल गया है। अब सफर की सफरिंग कम होने वाली है। अब आप गाड़ी को आराम दे सकते हैं। मेट्रो से आराम से ऑफिस जा सकते हैं। रैपिड रेल पूरा होने के बाद दिल्ली से मेरठ की दूरी एक घंटे की रह जाएगी।
मोदी-मोदी के नारे से गूंजा सभास्थल
सिकंदरपुर में सभास्थल पर हजारों लोगों की भीड़ प्रधानमंत्री को सुनने के लिए पहुंची। सभास्थल पर मोदी-मोदी के नारे गूंजते रहे। मंच पर बागपत के सांसद व केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह, शहरी विकास मंत्री सुरेश खन्ना, गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र की पांचों विधानसभा के विधायक और मेयर आशा शर्मा मौजूद रहे।
कार्यक्रम में हुआ बदलाव
वहीं, प्रधानमंत्री के लेट होने की वजह से कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब पीएम सभा को संबोधित करने के बाद शहीद स्थल से दिलशाद गार्डन मेट्रो लाइन का हरी झंडी दिखा कर उद्घाटन किया। मेट्रो लाइन के उद्घाटन के बाद आम लाेग शनिवार से शहीद स्थल (न्यू बस अड्डा)-दिलशाद गार्डन मेट्रो में सफर कर सकेंगे। पहली ट्रेन सुबह आठ बजे दिल्ली की ओर रवाना होगी।
9 मार्च को नोएडा आएंगे प्रधानमंत्री
गाजियाबाद में सभा से पहले प्रधानमंत्री ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी और कानपुर में भी सभा को संबोधित किया था। 9 मार्च यानी शनिवार को वह नोएडा में सेक्टर-62 इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन से द्वारका सेक्टर-21 तक चलने वाली मेट्रो का शुभारंभ करेंगे। शनिवार को ग्रेटर नोएडा में आयोजित एक कार्यक्रम में ब्लू लाइन मेट्रो की विस्तार लाइन का शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही पीएम नॉलेज पार्क-2 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुरातत्व संस्थान और खुर्जा में 1320 मेगावाट के सुपर थर्मल पावर प्लांट का भी शिलान्यास करेंगे।
Updated on:
8 Mar 2019, 7:13 PM IST
Published on:
8 Mar 2019, 5:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.