scriptSawan Somwar 2022 : सावन के पहले सोमवार को दूधेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ी रिकॉर्ड तोड़ भीड़, शहर में रूट डायवर्जन लागू | sawan somwar 2022 long queues of devotees in dudheshwar temple Route diversion in ghaziabad | Patrika News
गाज़ियाबाद

Sawan Somwar 2022 : सावन के पहले सोमवार को दूधेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ी रिकॉर्ड तोड़ भीड़, शहर में रूट डायवर्जन लागू

Sawan Somwar 2022 : सावन के पहले सोमवार को देखते हुए गाजियाबाद स्थित भगवान दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। इसी वजह से जहां एक तरफ गाजियाबाद पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, वही ट्रैफिक पुलिस ने भी शहर में कई जगह रूट डायवर्जन किया है।

गाज़ियाबादJul 18, 2022 / 10:16 am

lokesh verma

sawan-somwar-2022-long-queues-of-devotees-in-dudheshwar-temple-route-diversion-in-ghaziabad.jpg

Sawan Somwar 2022 : सावन के पहले सोमवार को दूधेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ी रिकॉर्ड तोड़ भीड़, शहर में रूट डायवर्जन लागू।

Sawan Somwar 2022 : आज सावन का पहला सोमवार है। हिंदू धर्म में सावन के सोमवार को शिवलिंग पर जलाभिषेक करने का बड़ा महत्व माना गया है। इसी कड़ी में गाजियाबाद स्थित भगवान दूधेश्वर नाथ मंदिर में भी देर रात से ही शिव भक्तों की लंबी कतार लगी हो गई थीं। शिव भक्त घंटों कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। इस बार मंदिर में श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ देखने को मिल रही है। क्योंकि 2 साल के अंतराल के बाद शिव भक्तों को भोलेनाथ पर जलाभिषेक करने का और मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना करने का अवसर प्राप्त हुआ है। वहीं, गाजियाबाद पुलिस की तरफ से भी मंदिर परिसर और उसके आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही शहर में रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है।
एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल ने बताया कि गाजियाबाद स्थित भगवान दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर में शिव भक्तों की सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। खासतौर से सावन के सोमवार और शिवरात्रि पर बड़ी संख्या में शिव भक्त मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ पर जलाभिषेक करते हैं। इसलिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर और उसके आसपास करीब 150 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा सिविल डिफेंस और स्वयं सेवकों को भी तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें – बम-बम बोल रही है काशी, चारों तरफ जयकारे की गूंज, रात से ही लगी लंबी कतार

ट्रैफिक पुलिस ने लागू किया रूट डायवर्जन

वहीं शहर में ट्रैफिक पुलिस ने कई जगह रूट डायवर्जन किया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर जीटी रोड पर रूट डायवर्जन किया गया है। हापुड़ मोड़ से घंटाघर की ओर किसी भी प्रकार के हल्के और भारी वाहनों के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। विजयनगर की ओर से गोशाला अंडरपास से वाहनों को मंदिर की ओर नहीं आने दिया जाएगा। विजयनगर की ओर से आने वाले वाहन प्रताप विहार से न्यू लिंक रोड होकर शहर में आएंगे और जाएंगे। हापुड़ तिराहे से लालकुआं की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। ये वाहन ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर से होकर जाएंगे। वहीं घंटाघर की ओर से हापुड़ तिराहे की ओर जाने वाले वाहन फ्लाईओवर से जाएंगे।
यह भी पढ़ें – सावन के पहले सोमवार पर अयोध्या के सिद्ध शिव पीठ नागेश्वरनाथ में भक्तों का तांता

मंदिर की सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम

एसपी सिटी ने बताया कि दूधेश्वरनाथ मंदिर पर दो पाली में 75-75 यानी कुल 150 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें 10 इंस्पेक्टर, 14 सब इंस्पेक्टर, 80 पुरुष हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल और 46 महिला हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल रहेंगे। इसके अलावा एक गारद मंदिर की छत पर तैनात रहेगी। उन्होंने बताया कि 22 कैमरे मंदिर परिसर, 26 कैमरे मंदिर के बाहर लगाए गए हैं। इसका कंट्रोल रूम मंदिर परिसर के अंदर और चौकी में बनाया गया है। साथ ही ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जाएगी।

Home / Ghaziabad / Sawan Somwar 2022 : सावन के पहले सोमवार को दूधेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ी रिकॉर्ड तोड़ भीड़, शहर में रूट डायवर्जन लागू

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो