
Gonda News: गोंडा जिले के 273 आशा कार्यकर्ता की सेवा समाप्त की जा सकती है। आभा कार्ड बनवाने में लापरवाही इन पर भारी पड़ सकती है। डीएम को सूची सौपे जाने के बाद इनके नौकरी पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
Gonda News: गोंडा जिले में कार्यरत विभिन्न सीएचसी की 273 आशा कार्यकर्ता की नौकरी पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। इन आशा कार्यकर्ता ने लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा आभा कार्ड बनाने में घोर लापरवाही बरती है। आभा आईडी निर्माण के मामले में लापरवाही पर डीएम नेहा शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। अप्रैल 2021 से लेकर 21 अक्टूबर 2024 तक जिले में 273 आशा कार्यकर्ता ने सौ से भी कम आभा आईडी बनाए हैं। ऐसे आशा कार्यकर्ता की सूची सीएमओ ने डीएम को सौंप दी है।
आभा आईडी (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) का निर्माण स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटाइज करने की एक अहम पहल है। जिसके तहत प्रत्येक नागरिक को एक यूनिक डिजिटल हेल्थ आईडी जारी की जाती है। इसके माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का डेटा आसानी से प्रबंधित किया जा सकता है। लेकिन जिले के कई क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ता की ओर से इस योजना में अपेक्षित कार्य न किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।
डीएम की अध्यक्षता में 21 अक्टूबर को आयोजित बैठक में यह गंभीरता से उठाया गया कि जिले के 273 आशा कार्यकर्ता ने अब तक 100 से कम आभा आईडी कार्ड बनाया है। इस बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि अगर 1 नवंबर तक आभा ID बनाने में कोई प्रगति नहीं दिखाई गई। तो इन 273 आशाओं की सेवाएं समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
मनकापुर सीएचसी की 10, बेलसर की 22, बभनजोत: 25, छपिया की 25, कर्नलगंज की 12, हलधरमऊ की 21, इटियाथोक सीएचसी की 23, झंझरी सीएचसी की 35, कटरा बाजार की 22, मुजेहना की 16, नवाबगंज सीएचसी की 11, परसपुर सीएचसी की 7, रूपईडीह सीएचसी की 20, तरबगंज सीएचसी की 16, यूपीएचसी सिविल लाइंस की 2, वजीरगंज की 6 आशा कार्यकर्ता पर कार्रवाई लगभग तय हो गई है।
डीएम नेहा शर्मा ने चेतावनी दी है कि जो आशा कार्यकर्ता अपने कार्य में सुधार नहीं लाएंगी। आभा आईडी निर्माण में प्रगति नहीं करेंगी। उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस निर्णय का उद्देश्य आभा पहचान पत्र योजना को तेजी से लागू करना और नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का डिजिटल लाभ पहुंचाना है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इस दिशा में तत्परता से कार्य करें।
Published on:
23 Oct 2024 08:52 pm
बड़ी खबरें
View Allगोंडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
