
सचल दल टीम के साथ पकड़ा गया आरोपी फोटो सोर्स विभाग
UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं के पहले ही दिन गोंडा जिले में बड़ी गड़बड़ी सामने आई। मनकापुर क्षेत्र के एक परीक्षा केंद्र पर दूसरे छात्र की जगह परीक्षा दे रहे युवक को स्टेटिक मजिस्ट्रेट की टीम ने पकड़ लिया। आरोपी ने 1500 रुपये लेकर हिंदी की परीक्षा देने की बात स्वीकार की है।
UP Board Exam 2026: यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं शुरू होते ही नकल और फर्जीवाड़े पर सख्ती का असर गोंडा जिले में देखने को मिला। मनकापुर तहसील स्थित जनता इंटर कॉलेज बभनान में दूसरे परीक्षार्थी की जगह परीक्षा दे रहे एक युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। जानकारी के अनुसार, परीक्षा शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद स्टेटिक मजिस्ट्रेट अमित कुमार मिश्रा और आंतरिक सचल दल प्रभारी ने कक्ष संख्या 26 की जांच की। जांच के दौरान दस्तावेजों के मिलान में गड़बड़ी सामने आई। पता चला कि हाईस्कूल के छात्र सुधीर कुमार की जगह मनीष कुमार मौर्या नामक युवक परीक्षा दे रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह 1500 रुपये लेकर दूसरे छात्र के स्थान पर हिंदी का प्रश्नपत्र हल कर रहा था। परीक्षा केंद्र प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को छपिया थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
आरोपी की पहचान मनीष कुमार, पुत्र जगलाल, निवासी चटकानवा थाना खोड़ारे के रूप में हुई है। केंद्र व्यवस्थापक की ओर से आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।
गोंडा के जिला विद्यालय निरीक्षक ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेज दी है। साथ ही संबंधित परीक्षा केंद्र पर आगे होने वाली परीक्षाओं के लिए विशेष निगरानी के निर्देश जारी किए गए हैं। थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि बोर्ड परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Published on:
18 Feb 2026 06:02 pm
बड़ी खबरें
View Allगोंडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
