
फाइल फोटो पत्रिका
UP Rains: उत्तर प्रदेश में मौसम ने मंगलवार को अचानक करवट ली। गोंडा, बहराइच और आसपास के कई जिलों में दोपहर बाद बादल छाए रहे। स्थान पर हल्की बारिश तो कहीं बूंदाबांदी हुई। इससे लोगों को उमस और तेज गर्मी से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने 17 से 21 जुलाई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मंगलवार को उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ दिखाई दिया। दोपहर तक तेज धूप और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, शाम से पहले अचानक मौसम ने करवट ली। कई जिलों में बादल छा गए। गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती समेत कई क्षेत्रों में कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। बुधवार को भी गोंडा सहित कई जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम हिस्से के ऊपर बनी चक्रवाती हवाओं का असर इन इलाकों में देखने को मिला। मंगलवार को करीब तीन बजे के बाद तेज हवा चलनी शुरू हुई। और देखते ही देखते आसमान काले बादलों से ढक गया। इसके बाद कई स्थानों पर बारिश हुई। जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक प्रदेश में व्यापक स्तर पर बारिश की संभावना कम है। लेकिन 17 जुलाई से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। विभाग ने 17 से 21 जुलाई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश के करीब 23 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
विशेष रूप से तराई क्षेत्र के जिलों में अधिक बारिश होने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल मानसून की सक्रियता कमजोर हुई है। लेकिन आने वाले दिनों में यह फिर से मजबूत हो जाएगा। इसके बाद कई जिलों में लगातार बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
तापमान की बात करें तो मंगलवार को अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा है। इसके अलावा हवा में नमी का स्तर 98 प्रतिशत तक पहुंच गया। जिसके कारण दिनभर उमस बनी रही। मौसम विभाग ने लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली,आज़मगढ़, मऊ, बलिया, बस्ती, संतकबीर नगर, सिद्धार्थनगर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, अमेठी, बाराबंकी
Updated on:
15 Jul 2026 08:54 am
Published on:
15 Jul 2026 08:53 am
