
पैर घसीटते हुए स्कूल जाती छात्रा (फोटो- वीडियो ग्रैब)
Bihar News: 'मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं, जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।' ये पंक्तियां बिहार के गोपालगंज की सोनी कुमारी पर बिल्कुल सटीक बैठती हैं। पैरों से लाचार सोनी का जज्बा इतना मजबूत है कि वह रोजाना 2 किलोमीटर का रास्ता जमीन पर पैर घसीटते हुए तय करती थी, ताकि वह स्कूल पहुंच सके। हाल ही में उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद कई लोगों ने उसकी मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं।
सोनी कुमारी गोपालगंज जिले के रामनगर गांव की रहने वाली है। उसके जीवन की कहानी संघर्षों से भरी है। पिता का साया सिर से उठ चुका है और घर की माली हालत बेहद खराब है। मां लाइची देवी मजदूरी करके किसी तरह परिवार का पेट पालती हैं। 15 साल की सोनी बचपन से ही पैरों से दिव्यांग है, लेकिन उसकी आंखों में भविष्य को लेकर एक सपना है, वह पढ़-लिखकर डॉक्टर बनना चाहती है ताकि समाज की सेवा कर सके। आर्थिक तंगी और शारीरिक परेशानी के बावजूद वह रोजाना स्कूल जाती है और अपनी पढ़ाई जारी रखे हुए है।
हाल ही में सोनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें उसे भीषण गर्मी और धूल भरी सड़क पर पैर घसीटकर स्कूल जाते हुए देखा गया। इस वीडियो ने लोगों का दिल पसीज दिया और देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद की लोगों ने सोनी कुमारी के मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक सोनी कुमारी ने पहले भी प्रशासन से ट्राई-साइकिल उपलब्ध कराने की मांग की थी। हालांकि उसे अब तक सरकारी मदद नहीं मिल पाई थी। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
यह वीडियो जन लोक गायिका मैथिली ठाकुर तक पहुंचा, तो उन्होंने बिना देरी किए मदद का हाथ बढ़ाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो को साझा करते हुए छात्रा की मदद करने की बात कही। इसके बाद उन्होंने गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा से फोन पर बातचीत की और पूरे मामले की जानकारी दी।
मैथिली ठाकुर ने इस बात की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, 'बहुत खुशी के साथ साझा कर रही हूं कि सोनी कुमारी को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में मेरी गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा जी से फोन पर बात हुई, और उन्होंने तुरंत संज्ञान लेते हुए यह सुनिश्चित किया कि बच्ची को ट्राइसाइकिल मिल जाए। सोशल मीडिया की सकारात्मक शक्ति को मेरा नमन और सोनी कुमारी के उज्ज्वल भविष्य के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।'
Updated on:
12 Mar 2026 07:01 am
Published on:
12 Mar 2026 07:00 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
