
सांसद रवि किशन इलेक्ट्रिक गाड़ी से कार्यक्रम में पहुंचे (सोर्स- पत्रिका)
पीएम मोदी द्वारा पेट्रोल, डीजल की बचत करने की अपील के बाद लगातार नौकरशाहों, मंत्रियों, सांसदों आदि में काफिला कम करने के साथ ही इलेक्ट्रिक गाड़ियों के इस्तेमाल का क्रेज बढ़ने लगा है। इसी क्रम में गोरखपुर के सांसद रविकिशन ने अपने काफिले की अधिकतर गाड़ियां खड़ी करा दी हैं।
रवि किशन कल से ही 2 गाड़ियों के साथ कार्यक्रमों में भाग लेने जाएंगे। शुक्रवार को रवि किशन को खजनी में आयोजित एक कार्यक्रम में जाना था। इसलिए रवि किशन, कुशीनगर के सांसद विजय दुबे के साथ उनकी इलेक्ट्रिक कार में खजनी के लिए रवाना हुए। रास्ते में उन्होंने कार में से ही अपनी वीडियो भी जारी की।
सांसद रवि किशन ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी एवं सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश के क्रम में गाड़ियों का काफिला खत्म कर दिया है। इलेक्ट्रिक कार से दो सांसद कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम में जाते समय रवि किशन ने कहा कि इससे पेट्रोल व डीजल की बचत होगी। उन्होंने आसमान की ओर इशारा करते हुए कहा कि आसमान साफ नजर आ रहा है। उन्होंने लोगों से भी पेट्रोल डीजल बचाने की अपील की है।
गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, कमिश्नर अनिल ढींगरा एवं डीएम दीपक मीणा ने भी एस्कॉर्ट की गाड़ियां हटा दी हैं। इसके साथ ही नगर आयुक्त अजय जैन एवं जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के एस्कॉर्ट के रूप में चलने वाले प्रवर्तन दल के वाहनो को भी हटा दिया गया है। सभी नेता व अधिकारी सप्ताह में एक दिन नो व्हेकिल डे का पालन भी करेंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सभी मंत्रियों के साथ बैठक कर जनप्रतिनिधियों और उच्च पदस्थ अफसरों के काफिलों में 50 प्रतिशत तक कटौती करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने स्वयं इसका अनुपालन भी शुरू कर दिया है।
सीएम योगी के निर्देश के बाद राज्य में सप्ताह में एक दिन 'नो वेहिकल डे' रखने, बड़े कार्यालयों और इंडस्ट्रियल इकाइयों में सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू करने और 50 फीसदी बैठकों को वर्चुअल करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके साथ सार्वजनिक परिवहन और बिजली बचत को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है।
Updated on:
15 May 2026 07:54 pm
Published on:
15 May 2026 07:53 pm
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
