
भगौने के लिए भाई ने ली भाई की जान (फोटो सोर्स- gemini)
Gorakhpur Crime News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां छोटी सी बात पर लगी गुस्से की आग ने एक युवक की जान ले ली। सहजनवा थाना क्षेत्र के भरपही गांव में एक मामूली भगौना बेचने को लेकर दो सगे भाइयों के बीच झगड़ा शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस आपसी मारपीट में बड़े भाई की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
भरपही गांव के रहने वाले श्रवण गौंड के चार बेटे हैं, वे अलग-अलग रहते हैं। शनिवार देर रात तीसरे नंबर के बेटे संजय और सबसे छोटे बेटे संदीप के बीच घर का एक पुराना भगौना बेचने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि दोनों तरफ से मारपीट होने लगी। इसी बीच 30 वर्षीय संजय के सिर पर गंभीर चोट लग गई। परिजन उसे फटाफट इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन घाव गहरा होने के कारण उसकी रास्ते में ही जान चली गई।
संजय की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पत्नी वंदना, एक 4 साल का बेटा और महज एक साल की मासूम बेटी को छोड़ गया है। पिता की मौत से मासूम बच्चों के सिर से साया उठ गया है और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव वाले इस बात से हैरान हैं कि एक मामूली बर्तन की खातिर कोई किसी की जान कैसे ले सकता है?
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने तुरंत कारवाई करते हुए मृतक के पिता श्रवण गौंड और उसके छोटे भाई संदीप को हिरासत में ले लिया है। सीओ ने बताया कि दोनों से थाने में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जैसे ही पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत मिलते ही, मामले में कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
10 May 2026 03:52 pm
बड़ी खबरें
View Allगोरखपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
