
फ़ोटो सोर्स: सोशल मीडिया, नेपाल में दुर्घटना
नेपाल के प्युठान जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है, यहां स्वर्गद्वारी नगरपालिका-4 स्थित टाकुरा में एक जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में महराजगंज जिले के सेमरा राजा गांव की निर्मला (32) और उनकी पांच वर्षीय बेटी काव्या की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 18 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, सभी घायलों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मृत मां-बेटी के शवों का पोस्टमार्टम नेपाल में ही कराया जा रहा है, जिसके लिए परिजन गांव से नेपाल पहुंच गए हैं।
दुर्घटना में महराजगंज जिले के भिटौली बाजार, लक्ष्मीपुर शिवाला थाना क्षेत्र के संजीता मौर्या, रामउदय मौर्या, लक्ष्मी मौर्या, दुर्गा मौर्या, मेसामौर्या, पूजा मौर्या, आलोक मौर्या, शेवनाथ मौर्या, प्रीति मौर्या, शिवास मौर्या, कितिकी मौर्या, सेलहन्ता मौर्या, करन मौर्या, मीरा मौर्या, नरेश चौधरी, अंकित चौधरी, अरबिन्द राय, संध्या राय और आयूष मौर्या घायल हुए हैं।नेपाल पुलिस की प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तकनीकी खराबी या ढलान पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
घायलों ने बताया कि अचानक तेज आवाज आई और उसके बाद उन्हें कुछ होश नहीं रहा। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें खाई से बाहर निकाला तब कुछ चेतना लौटी। पूजा ने बताया कि सभी लोग गांव से स्वर्गद्वारी दर्शन के लिए खुशी-खुशी निकले थे, लेकिन अचानक खुशियां मातम में बदल गईं। महराजगंज के ASP सिद्धार्थ ने बताया कि पुलिस की ओर से हर संभव मदद की जा रही है। शुक्रवार सुबह लगभग 4:30 बजे थाना प्रभारी भिटौली मय फोर्स की सहायता से 9 एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों के उचित इलाज के लिए हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
Updated on:
24 Apr 2026 10:38 pm
Published on:
24 Apr 2026 04:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
