
आक्रोशित परिजन (सोर्स: पत्रिका)
Gorakhpur News:गोरखपुर में शनिवार को स्कूल वैन से कुचलकर सात वर्षीय छात्र की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। घटना के संज्ञान में आने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) धीरेंद्र त्रिपाठी शनिवार को BEO के साथ घटनास्थल और संबंधित विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। जांच के दौरान फिलहाल विद्यालय की मान्यता से संबंधित कागजात दुरुस्त पाए गए।
लापरवाही बस संचालन में सामने आई, BSA ने बताया कि स्कूल की वैन में परिचालक नहीं था। यदि वैन में परिचालक मौजूद होता तो छात्र की सुरक्षा पर नजर रखी जा सकती थी और संभवतः यह हादसा टल सकता था। स्कूल वाहनों के संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने विद्यालय प्रबंधक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। प्रबंधक से वाहन संचालन और परिचालक की व्यवस्था से संबंधित स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है। स्पष्टीकरण मिलने के बाद विभागीय स्तर पर तथ्यों की जांच की जाएगी और नियमों के अनुसार कार्रवाई होगी। बीएसए ने विद्यालयों को छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार सुबह पिपराइच थाना क्षेत्र के नईयापार बुजुर्ग गांव में स्कूल बस घर के सामने पहुंची। दादी हिमांशु को बस में बस में बैठाने के लिए दरवाजे तक गईं, लेकिन हिमांशु बस पर चढ़ पाता, इससे पहले ही चालक ने वाहन चला दिया। पहिये की चपेट में आने से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वजन उसे बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपराइच ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बस का शीशा तोड़ दिया और उसमें मौजूद महिला शिक्षिका को घेरकर बंधक बना लिया। पुलिस हादसे के कारणों के साथ बस के संचालन और उसमें तैनात स्टाफ की भूमिका की भी जांच कर रही है।
हादसे के बाद एसडीएम ज्ञान प्रताप सिंह, तहसीलदार डॉ. भागीरथी सिंह, नायब तहसीलदार अनु सिंह मौके पर पहुंचे। हंगामे के दौरान परिवार के लोगों ने एसडीएम को मांग पत्र सौंपा। मां सोनी ने कहा- 1 करोड़ का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।
CO चौरी चौरा कुंदन सिंह ने बताया केि आज सुबह करीब 8:30 बजे हादसे की सूचना मिली थी। इसमें 5 साल का बच्चा हिमांशु स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था, तभी स्कूल बस से एक्सीडेंट हो गया। हिमांशु की मां सोनी की तहरीर पर ड्राइवर मनोज, टीचर रानी मिश्रा और स्कूल प्रबंधक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Updated on:
12 Sept 2026 05:13 pm
Published on:
12 Sept 2026 05:13 pm
