6 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

UP Police Constable Exam: सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक, 44 केंद्रों पर 3 दिन में 1.16 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल

Gorakhpur News: यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा को संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को अधिकारियों ने बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान अभ्यर्थियों की सुविधाओं के साथ ही परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के विशेष प्रबंधों पर चर्चा हुई।

2 min read
Google source verification
Preparations for the police recruitment exam are complete.

पुलिस भर्ती परीक्षा को तैयारी पूरी (इमेज:पत्रिका)

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर गोरखपुर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को जिले के 44 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 1,16,784 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

पुलिस और प्रशासन ने की संयुक्त बैठक

परीक्षा की निगरानी के लिए एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार को नोडल अधिकारी तथा एसपी सिटी निमिष पाटिल को पुलिस नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं, एसपी पीटीएस अनिल कुमार को इस पूरी प्रक्रिया का ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है, जो परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर विशेष नजर रखेंगे। इस संबंध में गोरखपुर के एनेक्सी भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें डीआईओएस अजीत सिंह और सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिले को 44 सेक्टर में बांटा गया

बैठक में बताया गया कि परीक्षा तीन दिनों तक चलेगी और प्रत्येक दिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इस प्रकार कुल छह पालियों में परीक्षा संपन्न होगी। प्रत्येक पाली में 19,464 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इस तरह तीन दिनों में कुल 1,16,784 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले को 44 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।

सेक्टर मैजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट की रहेगी तैनाती

प्रत्येक सेक्टर में एक-एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है, जो अपने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और परीक्षा की निगरानी सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही 44 स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं, जो परीक्षा केंद्रों पर रहकर पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेंगे और किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएं।

केंद्रों पर रहेगी पर्याप्त फोर्स, ट्रैफिक रूट के लिए विशेष योजना

प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की नकल या गड़बड़ी को रोका जा सके। अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की गई है। अभ्यर्थियों को समय से केंद्र तक पहुंचाने के लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

CCTV की निगरानी में होगी परीक्षा

परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि सभी केंद्र व्यवस्थापक समय से अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए सीसीटीवी निगरानी और अन्य तकनीकी उपायों का भी सहारा लिया जाएगा।

बिना किसी व्यवधान के परीक्षा हो संपन्न

जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। अधिकारियों ने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस बड़े आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर स्तर पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक पूरी की जा सके।

बड़ी खबरें

View All

गोरखपुर

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग