
फोटो सोर्स: सोशल मीडिया , राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ल
बुधवार की शाम चार बजे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल की सुरक्षा में जा रहीं फ्लीट की तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे में एम्बुलेंस में सवार तीन डॉक्टरों समेत पांच मेडिकल स्टाफ को हल्की चोटें आईं, मौजूद फार्मासिस्ट के सीने में चोट लगने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फ्लीट में गाड़ियां टकराने से प्रशासन में हड़कंप मच गया, दूसरे वाहनों का इंतजाम कर राज्यपाल की अगवानी में फ्लीट रवाना की गई। जानकारी के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला बुधवार को सड़क मार्ग से लखनऊ से गोरखपुर आ रहे थे। एंबुलेंस और फ्लीट की दूसरी गाड़ियां लिंक एक्सप्रेस-वे से कम्हरिया घाट के पास उन्हें रिसीव करने जा रही थीं। बेलघाट क्षेत्र में सड़क पर जानवर आ गए। उसे बचाने के प्रयास में फ्लीट में आगे चल रही पुलिस की स्कार्पियो ने ब्रेक लगाया।
अचानक ब्रेक लगने से इससे उसके पीछे चल रही एंबुलेंस और एक अन्य गाड़ी की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में एम्बुलेंस में सवार सीएचसी चरगांवा के फिजीशियन डॉ. प्रफुल्ल राय, जिला अस्पताल के आर्थो सर्जन डॉ. आरके सिंह, एनेस्थीसिया के डॉ. आरबी यादव, महिला अस्पताल के फार्मासिस्ट अयोध्या प्रसाद और एलटी चंद्रभान को चोटें आईं। अयोध्या प्रसाद को सीने में चोट लग गई जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना अधिकारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद जिला अस्पताल से दूसरी एएलएस एम्बुलेंस भेजी गई। सीएमओ डॉ. राजेश झा ने बताया कि गाड़ियों की आपस में टक्कर हुई थी।
Published on:
28 Aug 2025 04:27 pm
