
13 अवैध बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में लिए गए, फोटो सोर्स- @PTI_News
Gurugram Illegal Bangladeshis: राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून व्यवस्था को पुख्ता करने के उद्देश्य से गुरुग्राम पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाते हुए 13 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कई बांग्लादेशी नागरिक भारत में, विशेषकर गुरुग्राम के अलग-अलग इलाकों में, बिना वैध दस्तावेजों के अवैध रूप से रह रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन सभी को दबोच लिया।
मामले की जानकारी देते हुए सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) नवीन शर्मा ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में खुफिया जानकारी के आधार पर सीआईए क्राइम ब्रांच टीम (CIA-39) ने बेहतरीन कार्य करते हुए गुरुग्राम के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की और अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया।
एसीपी नवीन शर्मा के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोग अपनी असली पहचान छिपाकर शहर के विभिन्न इलाकों में रह रहे थे। जांच में पता चला कि इनमें से कुछ लोग झुग्गी-झोपड़ियों में रह रहे थे, जबकि कई अन्य निर्माण स्थलों पर मजदूर के रूप में काम कर अपनी आजीविका चला रहे थे। पुलिस अब उनके दस्तावेजों और गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।
एसीपी ने कहा है कि हमारी टीम ने गहन पूछताछ और तलाशी अभियान चलाकर इन 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र (Identity Cards) बरामद हुए हैं। इसके अलावा, जांच में यह भी सामने आया है कि ये लोग बांग्लादेश के फोन नंबरों पर कॉल करके वहां रह रहे अपने परिवारों के संपर्क में थे। राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
आपको बता दें कि इस मामले में गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए इन सभी नागरिकों के खिलाफ आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। इन सभी को वापस उनके देश बांग्लादेश भेजने (डिपोर्ट करने) के लिए संबंधित विभागों के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस आने वाले दिनों में भी इस तरह के चेकिंग अभियानों को जारी रखेगी।
Updated on:
16 Jun 2026 05:04 pm
Published on:
16 Jun 2026 04:51 pm
बड़ी खबरें
View Allगुडगाँव
हरियाणा
ट्रेंडिंग
