4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

हरियाणा में बंदियों को जेल में योग का प्रशिक्षण देकर बनाया जाएगा “योग गुरू”!

हरियाणा प्रदेश की विभिन्न जेलो में योग में रूचि रखने वाले बंदियो को गुरुग्राम जिला की भौंडसी जेल में प्रशिक्षण देकर ‘योग गुरु’ बनाया जाएगा
2 min read
Google source verification
file image yog camp

file image yog camp

राजेंद्र जादौन की रिपोर्ट...

(गुरुग्राम): हरियाणा प्रदेश की विभिन्न जेलो में योग में रूचि रखने वाले बंदियो को गुरुग्राम जिला की भौंडसी जेल में प्रशिक्षण देकर ‘योग गुरु’ बनाया जाएगा। इसके बाद इन्हें इनकी जेलों में भेज दिया जाएगा और ये वहां पर बंदियों को मुख्य प्रशिक्षक के रूप में योग का प्रशिक्षण देंगे। हरियाणा कारागार महानिदेशक के सेलवराज ने यह जानकारी दी।


इंडिया विजन फाउडेशन, पंचवटी योग आश्रम तथा नेचर क्योर सेंटर की ओर से भौंडसी जेल में 45 दिवसीय ‘बंदी योग प्रशिक्षण कार्यक्रम’ शुरू किया गया है, जिसका शुभारंभ पुदुचेरी की उपराज्यपाल एवं इंडिया विजन फाउडेशन की संस्थापक डा. किरण बेदी तथा कारागार हरियाणा के महानिदेशक के सेलवराज ने संयुक्त रूप से किया। सेलवराज ने बताया कि हरियाणा प्रदेश की विभिन्न जेलो में योग में रूचि रखने वाले बंदियो को गुरुग्राम जिला की भौंडसी जेल में स्थानांतरित किया गया है। इन सभी बंदियों को जेल के एक विशेष बैरेक में रखा गया है और इन्हें सुबह से शाम तक योग का सघन प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इन बंदियो को योग प्राणायाम, ध्यान तथा नेती, धोती आदि क्रियाओं के बारे में विस्तार से बताया जाएगा तथा इन्हें समयबद्धता के साथ आसन और प्राणायाम के साथ-साथ क्लास रूम में योग के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। भौंडसी जेल के अधीक्षक जयकिशन छिल्लर, जो स्वयं भी एक राष्ट्रीय स्तर के योगी रहे हैं, की देखरेख में यह योग प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद योग गुरु बने बंदियो को वापस उनकी जेलो में भेजा जाएगा, जहां पर वे मुख्य प्रशिक्षक के रूप में अन्य बंदियो को योग का प्रशिक्षण देंगे।

प्रशिक्षण पूरा होने पर सभी बंदियो को एक सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा, ताकि वे जेल से बाहर जाने के बाद योग करवाने की सेवा दे सकें। हरियाणा कारागार के महानिदेशक के सेलवराज ने बताया कि जेलो में बंदियों को योग का प्रशिक्षण देने का उद्देश्य है कि हरियाणा की सभी जेल ‘योग युक्त हों-अपराध मुक्त हों। उन्होंने कहा कि योग से ना केवल शरीर की बीमारियों की रोक थाम की जा सकती है, बल्कि बहुत सारी बीमारियों का उपचार भी हो जाता है। योग से बंदियों की मानसिकता में भी बदलाव आएगा।

बंदियों के योग प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने तथा उसका संचालन करने के लिए सेलवराज ने डा. किरण बेदी एवं उनकी संस्था इंडिया विजन फाउंडेशन की निदेशक मोनिका धवन तथा पंचवटी योग आश्रम का आभार जताया। उन्होंने हरियाणा की सभी जेलो में योग कक्षाएं निरंतर जारी रखने की घोषणा भी की। इस मौके पर पुदुचेरी की उपराज्यपाल डा. किरण बेदी ने जेल के लगभग 1500 बंदियों को संबांधित करते हुए योग के महत्त्व पर प्रकाश डाला और कहा कि योग से न केवल अपने शरीर को निरोग रख सकते हैं बल्कि अपने विचारों में सकारात्मक बदलाव लाकर अपने जीवन को सफल बना सकते हैं।

बड़ी खबरें

View All

गुडगाँव

हरियाणा

ट्रेंडिंग