
Achleshwar Mahadev Temple- अचलेश्वर महादेव की दानपेटियों से निकली अर्जियां (फोटो सोर्स- Patrika)
Achleshwar Mahadev Temple- मध्य प्रदेश में ग्वालियर शहर के लोगों की आस्था का केंद्र अचलेश्वर महादेव मंदिर की 13 दानपेटियां (Donation Box) गुरुवार को खोली गई। दानपेटियों में दान की रकम के साथ-साथ श्रद्धालुओं ने भगवान से अलग-अलग तरह की अर्जियां भी लगाई। इनमें परीक्षाओं में पास होने से लेकर अमीर बनाने वाली अर्जियां शामिल थी। कुछ अर्जियां ऐसी भी थी जिनने सभी ध्यान अपनी तरफ खींचा। अचलनाथ के भक्तों की अर्जियों सहित दान पेटियों में चांदी के नाग-नागिन, बेलपत्र, त्रिशूल और तार भी निकले। अचलेश्वर न्यास के व्यवस्थापक राजेश पाराशर ने बताया कि दान पेटियों में से कुल 5 लाख 52 हजार 580 रुपए निकले हैं, जून माह में कई व्रत-त्योहार पड़े थे। नोट के रूप में 5 लाख 50 हजार 780 और सिक्कों से 1800 रुपए की रकम मिली है।
मिली जानकारी के अनुसार, दान पेटियों में से निकले रुपयों की गिनती सुबह 11 बजे शुरू हुई जो दोपहर तीन बजे बाद पूर्ण हुई। इसमें विभिन्न बैंकों के सेवानिवृत्त 18 से अधिक कर्मचारियों ने रुपयों की गिनती की।
दान पेटियों में पढ़ने वाले बच्चों के भावुक पत्र भी निकले हैं। ऐसे ही एक श्रद्धालु ने लिखा कि भोले बाबा मेरी बस यही इच्छा है कि इस बार 21 जून 2026 का री-नीट एग्जाम अच्छा जाए और मेरा सिलेक्शन हो जाए। प्लीज मुझे एमपी में कोई सा भी एक सरकारी मेडिकल कॉलेज मिल जाए ताकि मैं अपने पापा-मम्मी और दादू को खुश कर पाऊं।
अचलेश्वर बाबा की दान पेटी में एक ऐसी अर्जी भी निकली जिसने गिनती कर रहे लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा। इस पर्ची में लिखा था कि- 'मैं बहुत जल्दी (दो-तीन साल) में अमीर हो जाऊंगा और मैं हमेशा खुश रहूंगा। मैं रोड पर सुंदर लड़कों को कभी नहीं देखूंगा चाहे वो कितने भी सुंदर हो।'
दान पेटी में एक अर्जी भी आई थी जिसमें भोले बाबा को किसी ने अपना पिता बताया और परीक्षा में अच्छे नंबर से पास कराने की अपील की। पर्ची में लिखा था कि- 'शिवजी मैंने हमेशा आपको पापा माना है। तो प्लीज पापा होने के नाते मेरे इस बार का रिजल्ट अच्छा करवा दो। प्लीज पापा।'
500 रुपए के 455 नोट
200 रुपए के 141 नोट
100 रुपए के 1308 नोट
50 रुपए के 1669 नोट
20 रुपए के 2854 नोट
10 रुपए के 2315 नोट
05 रुपए के 100 नोट
सिक्के
01 रुपए के 600
02 रुपए के 1200
Published on:
02 Jul 2026 09:51 pm
