
Western Bypass Project: वेस्टर्न बाइपास का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)
Western Bypass: एमपी के ग्वालियर जिले के विकास को नई दिशा देने के लिए महत्वाकांक्षी वेस्टर्न बाइपास परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। लगभग 750 करोड़ रुपये की लागत से बनरहे इस बाइपास का करीब 20 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर रुचिका चौहान ने निर्माणाधीन वेस्टर्न बाइपास का बुधवार को निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लिया। साथ ही निर्माण एजेंसी को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर चौहान ने परियोजना की प्रयोगशाला (लैब) का अवलोकन कर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता परीक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन पुलों, रेलवे ओवर ब्रिज तथा वन क्षेत्र में बनाए जा रहे 10 से अधिक वन्यजीव पारगमन (एनिमल पासेज) का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और मिट्टी एवं सड़क की विभिन्न परतों के समुचित कम्पेक्शन पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि आरसीसी कार्यों में नियमित एवं वैज्ञानिक तरीके से क्योरिंग (उचित नमी बनाए रखने की प्रक्रिया) सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि परियोजना के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग की जाए।
उल्लेखनीय है कि ग्वालियर का वेस्टर्न बाइपास लगभग 28.80 किलोमीटर लंबाई में बनाया जा रहा है। लगभग 750 करोड़ रुपये की लागत से मूर्तरूप लेने जा रही इस महात्वाकांक्षी सड़क परियोजना में 7 छोटे पुल, 2 इंटरचेंज, 1 फ्लाईओवर, 6 अंडरपास, 2 ओवरपास, रेलवे लाइन पर 2 पुल तथा 13 वन्यजीव अंडरपास का निर्माण प्रस्तावित है।
वेस्टर्न बाइपास के निर्माण से ग्वालियर को रिंग रोड जैसी महत्वपूर्ण यातायात सुविधा मिलेगी। साथ ही आगरा से शिवपुरी की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए सुगम एवं हाई-स्पीड कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इस परियोजना से शहर में यातायात का दबाव कम होने के साथ-साथ साडा क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी। निरीक्षण के दौरान वेस्टर्न बाइपास परियोजना से संबंधित अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
Updated on:
22 Jul 2026 05:55 pm
Published on:
22 Jul 2026 05:55 pm
