
BSF Academy में कांस्टेबल की मौत, घोड़े का पैर सिर पर लगने से गई जान
ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के अंतर्गत आने वाले डबरा अनुभाग में सीमा सुरक्षा बल अकादमी टेकनपुर में हादसे के दौरान एक जवान की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि, जवान प्रैक्टिस कर रहा था, तभी उसे घोड़े के पैर से चोट लग गई, जिसके कारण वो बेहोश होकर गिर गया। आनन फानन में जवान को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीमा सुरक्षा बल अकादमी टेकनपुर में 14 नवंबर से 26 नवंबर तक 41वीं अखिल भारतीय पुलिस घुड़सवारी चैंपियनशिप और माउंटेन पुलिस ड्यूटी मीट आयोजन की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। इसी के तहत रविवार देर शाम टेंट पेंगीग गेम की प्रैक्टिस की जा रही थी। इसी दौरान आरक्षक जी.डी थोराट सुधीर पंधारी नाथ पुत्र थोराट पधानी मारुत निवासी ग्राम चंदौली बीके थाना मंचार जिला पुणे महाराष्ट्र घोड़े के सामने आ गया। इस दौरान घोड़े का पैर उसके सिर पर जा लगा, जिससे जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। आरक्षक को आनन - फानन में अकादमी के अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीमा विवाद में उलझी तीन थानों की पुलिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस जगह घटना हुई, वहां तीन थानों की पुलिस सीमा विवाद को लेकर आपस में उलझ गई। जिसमें पिछोर, बिलौआ और डबरा थाने की पुलिस ये तय नहीं कर पा रही थी कि, आखिरकार मामला है किस थाना क्षेत्र का। सीमा विवाद के चलते शव का पीएम कराने में भी काफी मशक्कत आई। फिलहाल पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने टेकनपुर चौकी प्रभारी देवेंद्र लोधी को शव का पोस्टमार्टम कराने की जिम्मेदारी दी, तब कहीं जाकर पुलिस द्वारा मामला संज्ञान में लिया जा सका।
तीन बहनों के इकलौते मासूम भाई को कार ने रौंदा, देखें वीडियो
Published on:
14 Nov 2022, 5:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.