
Burned Alive (250 रुपए की उधारी मांगने पर युवक को जिंदा जलाया Photo Source- Patrika)
Gwalior News : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में महज 250 रुपए की उधारी मांगने पर थाटीपुर इलाके में सनसनीखेज वारदात सामने आई। तीन आरोपियों ने टूर एंड ट्रैवल्स कार्यालय में काम करने वाले चौकीदार के बेटे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। युवक करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बचाने की कोशिश में एक एटीएम गार्ड भी घायल हुआ है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, न्यू प्रेमनगर (हजीरा) निवासी रामचंद्र सेंगर मयूर मार्केट स्थित एक टूर एंड ट्रैवल्स कार्यालय में चौकीदार हैं। उनका बेटा आकाश भी उनके काम में हाथ बंटाता है और ऑटो स्टैंड के संचालन में मदद करता है। रात में पेट्रोल पंप बंद होने के बाद जरूरतमंद वाहन चालकों को पेट्रोल उपलब्ध कराने के लिए रामचंद्र अतिरिक्त पेट्रोल रख लेते थे। मंगलवार रात करीब 11 बजे आरोपी अनुज उर्फ वली गुर्जर, सचिन गुर्जर और अरविंद छावई बाइक से वहां पहुंचे। आरोपियों ने 100 रुपए का पेट्रोल लिया और 500 रुपए का नोट दिया। इसी दौरान रामचंद्र ने पहले से बकाया 250 रुपए की उधारी भी काट ली। इस बात पर विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने रामचंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। पिता को बचाने के लिए आकाश और पास मौजूद एटीएम गार्ड बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने डंडे से दोनों पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए आकाश ट्रैवल्स कार्यालय के भीतर भागा, लेकिन आरोपी भी उसके पीछे पहुंच गए। वहां रखी पेट्रोल से भरी बोतल उठाकर एक आरोपी ने आकाश पर पेट्रोल उड़ेल दिया, जबकि दूसरे ने लाइटर से आग लगा दी। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर एएसपी और सीएसपी कार्यालय स्थित हैं। घटना के समय चौराहे पर काफी लोग मौजूद थे, लेकिन आरोपियों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने वली उर्फ अनुज गुर्जर (22) निवासी थाटीपुर और सचिन गुर्जर (24) निवासी न्यू जीवाजी नगर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को बुधवार शाम घटनास्थल पर ले जाकर पैदल परेड भी कराई गई। तीसरा आरोपी अरविंद छावई फरार है।
थाटीपुर थाना प्रभारी विपेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि, युवक पर पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। साथ ही, आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
Published on:
25 Jun 2026 09:20 am
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
