16 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

102 रुपए का डीजल 132 में खरीद रहा निगम, भुगतान अटका तो थम गए सफाई-पानी के वाहन

झांसी डिपो को समय पर भुगतान नहीं मिलने से थमी 12 हजार लीटर डीजल की सप्लाई; रोड स्वीपिंग, फॉगिंग, सीवर और पीएचई के वाहन गैरेज में खड़े
2 min read
Google source verification
gwalior photo (photo by ai)

निगम में डीजल संकट: भुगतान अटका तो नहीं आया टैंकर, रात की सफाई ठप, पानी और लाइट पर भी संकट

ग्वालियर। नगर निगम का आर्थिक संकट अब शहर की जरूरी बुनियादी सुविधाओं पर असर डालने लगा है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के झांसी डिपो को समय पर भुगतान नहीं होने के कारण मंगलवार को निगम के लिए आने वाला 12 हजार लीटर डीजल का टैंकर ग्वालियर नहीं पहुंचा। डीजल खत्म होने से रोड स्वीपिंग मशीन, विद्युत संधारण, फॉगिंग, सीवर सफाई, मदाखलत दस्ता, कचरा डंपर और पीएचई के पानी टैंकरों सहित कई वाहन खड़े हो गए।

इसका सीधा असर मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात होने वाली मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग पर पड़ा और सफाई पूरी तरह ठप रही। बुधवार को भी डीजल की आपूर्ति समय पर नहीं हुई तो शहर में कचरा परिवहन, फॉगिंग, सीवर सफाई, स्ट्रीट लाइट संधारण और जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।

शाम 4 बजे भुगतान, टैंकर बुधवार को पहुंचने की उम्मीद

मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम के वित्त विभाग ने मंगलवार शाम करीब 4 बजे आईओसीएल के झांसी डिपो को लंबित बिल का भुगतान ऑनलाइन ट्रांसफर किया। भुगतान मिलने के बाद डिपो से टैंकर रवाना कर दिया गया, लेकिन उसके बुधवार सुबह 11 बजे के बाद ही ग्वालियर पहुंचने की उम्मीद है। यानी भुगतान होने के बाद भी करीब 24 घंटे तक डीजल संकट के कारण निगम के जरूरी वाहनों का संचालन प्रभावित रहा।

102 रुपए बाजार भाव, निगम 132 रुपए में खरीद रहा डीजल

डीजल संकट के साथ ही निगम की खरीद व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। आईओसीएल से निगम को बल्क/कंज्यूमर रेट पर करीब 132 रुपए प्रति लीटर की दर से डीजल मिलता है। वहीं शहर के रिटेल पेट्रोल पंपों पर डीजल का भाव करीब 102 रुपए प्रति लीटर है। इस हिसाब से निगम करीब 30 रुपए प्रति लीटर महंगा डीजल खरीद रहा है।

निगम ने कम कीमत पर स्थानीय पेट्रोल पंपों से डीजल खरीदने का विकल्प तलाशा तो आईओसीएल की ओर से चेतावनी दी गई कि बाहर से डीजल खरीदने पर निगम की स्थायी बल्क सप्लाई बंद कर दी जाएगी। ऐसे में निगम महंगे डीजल और नियमित सप्लाई की निर्भरता के बीच फंसा हुआ है।

डीजल खत्म हुआ तो ये सेवाएं होंगी प्रभावित

  • पानी के टैंकर: लाइन बंद वाले इलाकों में पीएचई के टैंकर नहीं पहुंच पाएंगे।
  • रोड स्वीपिंग: मशीनों से होने वाली रात की सफाई प्रभावित होगी।
  • कचरा परिवहन: डंपरों के संचालन पर असर पड़ेगा।
  • फॉगिंग: मच्छर और डेंगू नियंत्रण की फॉगिंग प्रभावित होगी।
  • स्ट्रीट लाइट: बंद लाइटों के सुधार के लिए वाहन नहीं चल सकेंगे।
  • सीवर सफाई: सीवर सफाई के वाहनों का संचालन भी प्रभावित होगा।

निगमायुक्त बोले- स्थानीय स्तर पर भी करेंगे आपात व्यवस्था

निगमायुक्त अभिषेक चौधरी ने कहा कि निगम द्वारा झांसी डिपो का भुगतान समय पर किया जा रहा है। मंगलवार को डीजल का टैंकर क्यों नहीं पहुंचा, इसकी संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली जा रही है। ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थानीय स्तर पर भी आपातकालीन डीजल व्यवस्था की तैयारी की जा रही है।