
शहर में सर्दी ने छह दिन बाद फिर से पलटवार किया है। दोपहर 12 बजे तक शहर में कोहरा छाया रहा और धूप नहीं निकली। सर्द हवा ने लोगों को कंपा दिया। अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से सर्दी का अहसास रहा और दिन में गर्म कपड़े फिर से निकालने पड़े। मौसम विभाग के अनुसार समुद्र तल से 12 से 13 किमी ऊपर क्षोभ मंडल में चल रही 140 किमी प्रतिघंटा की जेट स्ट्रीम विंड की वजह से बदलाव आया है। इससे कोहरा बढ़ा है। मौसम विभाग ने 3 फरवरी को भी मध्यम कोहरे के आसार जताए हैं।
गुरुवार-शुक्रवार की रात घना कोहरा छा गया। सुबह जब लोगों की आंख खुली तो देखा शहर कोहरे से घिरा हुआ है। धूप नहीं निकली। सर्द हवा के चलने से दिन में सर्दी का अहसास हुआ। सुबह 5:30 बजे से 11:30 बजे के बीच सर्दी का अहसास ज्यादा रहा। दोपहर 12 बजे धूप निकलने पर सर्दी से राहत मिल सकी। अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस (डिसे) से घटकर 22.6 डिसे पर आ गया। सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम रहा। इससे सर्दी की चुभन रही। पिछले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी हुई थी, इस कारण लोगों ने दिन में गर्म कपड़ों को रख दिया था और हाफ जैकेट व स्वेटर पर आ गए थे।
हवा में नमी मौजूद रहने से बदला मौसम
जम्मू कश्मीर से एक पश्चिमी विक्षोभ गुजर चुका है। क्षोभ मंडल में चल रही 140 किमी प्रतिघंटा की जेट स्ट्रीम विंड चल रही है। हवा में मौजूद नमी से कोहरा छाया। रात में दृश्यता 20 मीटर से कम थी। दोपहर 12 बजे तक दृश्यता 800 मीटर थी। ओस पडऩा भी शुरू हो गई है। इससे रात में भी सर्दी का अहसास हो रहा है।
ओलावृष्टि फसलों पर बरपा सकती है कहर
वर्तमान में सरसों में फूल आने बाद फली आने की प्रक्रिया चल रही है। गेहूं में बालियां आने लगी हैं। चना में फूल आने लगा है। यदि फसल पर ओलावृष्टि होती है तो किसानों बड़ा नुकसान हो सकता है। ओलावृष्टि से फसल नष्ट हो सकती है। तेज हवा वजह से फसल के खेत में लेटने की संभावना है। फसल लेटती है तो उससे उत्पादन घटेगा।
आज यहां बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के तीन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। ग्वालियर, शिवपुरी और दतिया में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। आज छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी समेत कई जिलों में घना कोहरा भी लोगों को परेशान कर सकता है। रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, नीमच, अशोकनगर और श्योपुर जिले में हल्का कोहरा रहेगा।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम-उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर पड़ने लगा है। यही कारण है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बारिश होगी। कई जिलों में ओले भी गिर सकते हैं। मौसम विज्ञानियों ने बताया कि 4 फरवरी को भिंड-मुरैना के साथ-साथ चंबल संभाग के सभी जिलों में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है। नीमच, शिवपुरी, टीकमगढ़, निवाड़ी और छतरपुर में भी बूंदाबांदी हो सकती है। 5 फरवरी तक राज्य में बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में एक बार फिर ठंड लोगों की परेशानी बढ़ाएगी।
6 फरवरी से बढ़ेगी ठंड
6 फरवरी से मौसम साफ होने के कारण एक बार फिर ठंड बढ़ेगी। लोगों को फरवरी मध्य से ठंड से हल्की राहत मिलनी शुरू हो जाएगी।
Updated on:
03 Feb 2024 02:26 pm
Published on:
03 Feb 2024 10:51 am

बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
