
ग्वालियर. ग्वालियर के रहने वाले एक छात्र ने MP-TET (मध्य प्रदेश टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट) पर सवाल खड़े किए हैं। युवक का दावा है कि परीक्षा का पेपर पहले ही लीक हो चुका था। इसी मामले में एक अन्य युवक ने पेपर लीक होने का दावा करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान को पेपर के स्क्रीन शॉट के साथ ट्वीट कर शिकायत भी की है। ट्वीट के जरिए युवक ने ये भी पूछा है कि क्या मध्यप्रदेश में इसी प्रकार से सभी परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा होता रहेगा।
MP-TET के पेपर के लीक होने का दावा
MP-TET के पेपर के लीक होने का दावा करने वाले ग्वालियर के युवक का नाम मदन मोहन दौहरे है। मदन ने बताया कि वो 25 मार्च को भोपाल के रायसेन रोड स्थित एक स्कूल में एमपी-टीईटी (MP-TET) का पेपर देने के लिए गया था। वहां से लौटते वक्त ट्रेन में उसे एक धौलपुर का एजेंट मिला जिसने अपने मोबाइल पर पूरा का पूरा पेपर उसे दिखाया। मदन का कहना है कि जो पेपर एजेंट के मोबाइल में था वो पूरा का पूरा पेपर से मैच कर रहा था। उसका कहना है कि जब पेपर को सेंटर से बाहर नहीं लाया जा सकता है तो फिर एजेंट के मोबाइल में पेपर कैसे आया। जिस एजेंट के मोबाइल में पेपर था उसने अपना परिचय लक्ष्मण के रूप में देते हुए बताया था कि धौलपुर में उसका डीएड कॉलेज है।
सीएम को ट्वीट कर की शिकायत
मामला सामने आने के बाद मेहरवान सिंह नाम के एक अन्य युवक ने मोबाइल में पेपर होने का स्क्रीन शॉट लेकर सीएम शिवराज को एक ट्वीट कर मामले की शिकायत की है। ट्वीट में मेहरवान सिंह ने लिखा है कि यह क्या हो रहा है? क्या इसी प्रकार सभी परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा होता रहेगा। बेरोजगारों की प्रतिभा का ऐसे ही हनन होता रहेगा। उसने मांग की है कि हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज से न्यायिक जांच कराएं।
Updated on:
26 Mar 2022 09:09 pm
Published on:
26 Mar 2022 09:09 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
