Monsoon Update: ज्येष्ठ महीना खत्म होने से पहले सूरज अपने तेवर दिखा रहा है। भीषण गर्मी का प्रकोप नौतपा खत्म होने के बाद अब आया है। सूरज के तीखे तेवर के कारण लगातार दूसरे दिन शहर में भीषण गर्मी रही और आसमान से आग बरसी। अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस (डिसे) दर्ज हुआ, लेकिन गर्मी का रियल फील 47 सेल्सियस का था।
इस कारण दिन में शहर की सडक़ों पर लोगों की भीड़ कम रही। सूरज की तपन से बचने के लिए लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर निकले। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है। हीटवेव भी चलने की संभावना है।
दरअसल मानसून के कदम ठहर गए हैं। बंगाल की खाड़ी व अरब सागर में सिस्टम नहीं बनने से 15 दिन से मानसून आगे नहीं बढ़ा है। पश्चिमी विक्षोभ भी आना बंद हो गए हैं, जिससे नमी आना बंद हो गई है। राजस्थान गर्मी से तपने लगा है। पश्चिमी हवा राजस्थान की भीषण गर्मी लेकर आ रही है, जिससे पारा 45 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
शहर भीषण गर्मी से झुलस रहा है। सुबह से गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। दोपहर में आसमान से आग बरसने से सडक़ों पर कर्यू जैसी स्थिति बन रही है। यदि प्रदेश के गर्म शहरों की स्थिति देखी जाए तो ग्वालियर 7 वें नंबर पर है।
वैसे जून के पहले व दूसरे सप्ताह में भीषण गर्मी रहती है। 11 जून 2019 को अधिकतम तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। इस दिन 64 साल की गर्मी का रिकॉर्ड टूटा था। इसके बाद से जून में इतनी गर्मी नहीं पड़ी। 2024 में 16 जून को ग्वालियर का तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। यदि जून की गर्मी की स्थिति देखी जाए तो पारा 45 व 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है।
Published on:
11 Jun 2025 04:21 pm