
Passport: पासपोर्ट पोर्टल बंद (Photo Source - Patrika)
Gwalior news: अगर आप विदेश जाने का ख्वाब या जरूरी काम से बाहर उड़ान भरने की तैयारी कर रहे है, तो यह खबर आपको थोड़ा झटका दे सकती है। जी हां, पासपोर्ट सेवा का सरकारी पोर्टल इन दिनों तकनीकी रखरखाव के चलते बंद कर दिया गया है। आलम यह है कि नए पासपोर्ट के लिए आवेदन करने वालों की सांसें अटक गई हैं और वे 2 सितंबर तक केवल कैलेंडर के पन्ने पलटने को मजबूर है।
इस पूरे मामले पर डाक विभाग के प्रवर अधीक्षक एके सिंह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि तकनीकी कारणों के चलते पोर्टल को बंद किया गया है। वर्तमान में नए आवेदन स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं और प्रक्रिया पूरी तरह ठप है। पुराने अपॉइंटमेंट वाले लोग ही अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
इस डिजिटल सन्नाटे के बीच राहत सिर्फ उन्हीं लोगों को मिल रही है, जिनके अपॉइंटमेंट 30 अगस्त से पहले के तय थे। महाराज बाड़ा स्थित मुख्य पासपोर्ट सेवा केंद्र पर इन पुराने आवेदकों का काम तो किसी तरह चल रहा है, लेकिन यहां भी लगभग एक महीने की लंबी वेटिंग लोगों के सब्र का इम्तिहान ले रही है।
पासपोर्ट पोर्टल पर आवेदक पासपोर्ट सेवा के पोर्टल पर क्लिक कर रहे हैं, स्क्रीन पर एक मायूस कर देने वाला संदेश टिमटिमा रहा है- 'तकनीकी रखरखाव के लिए पोर्टल बंद है… हम 2 सितंबर को शाम 6 बजे (आइएसटी) वापस लौटेंगे।' इस तकनीकी ब्रेक ने नए आवेदनों से लेकर पासपोर्ट रिन्यूअल तक के तमाम पहियों को पूरी तरह जाम कर दिया है। आवेदक माथा पीट रहे हैं कि आखिर इस डिजिटल युग में यह तकनीकी ग्रहण क्यों लग गया ?
पासपोर्ट बनवाने के लिए सबसे पहले आपको आधिकारिक पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा, फीस जमा करनी होगी और अपने मूल दस्तावेजों के साथ पासपोर्ट सेवा केंद्र (PSK) पर अपॉइंटमेंट के लिए जाना होगा। इसके बाद पुलिस वेरिफिकेशन पूरी होने पर डाक द्वारा पासपोर्ट घर आ जाता है।
जन्म तिथि का प्रमाण
पहचान का प्रमाण
निवास का प्रमाण
Updated on:
20 Aug 2026 04:36 pm
Published on:
20 Aug 2026 04:36 pm
