
ग्वालियर. शादी का वादा कर 6 साल तक लिव इन में रखने के बाद एक युवक ने युवती ने शादी करने से इंकार कर दिया। युवक ने युवती से मारपीट भी की और कहा कि वो उससे शादी नहीं करेगा। जिसके बाद युवती को अपने साथ हुई ज्यादती का एहसास हुआ और उसने पुलिस थाने पहुंचकर आरोपी प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला ग्वालियर का है, 2016 में युवक-युवती के बीच प्यार की शुरुआत हुई थी।
शादी का सपना दिखाकर बनाए शारीरिक संबंध
ग्वालियर के बौद्ध नगर में रहने वाली एक 32 साल की मोनिका (परिवर्तित नाम) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि वो राहुल रजक नाम के युवक के साथ करीब 6 साल से लिव इन में रह रही थी, लिव इन में रहते हुए राहुल ने कई बार शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए लेकिन अब मारपीट कर शादी से इंकार कर दिया है। मोनिका ने पुलिस को बताया कि उसकी दोस्ती 26 जुलाई 2016 को राहुल से हुई थी। राहुल बिजलीघर में अस्थायी कर्मचारी है। एक दिन जब वो घर पर अकेली थी राहुल उसके घर आया और उसके साथ गलत काम किया। जब उसने राहुल की हरकत का विरोध किया तो राहुल ने शादी का वादा किया। इसके बाद दोनों लिव इन में रहने लगे। तब भी कई बार राहुल ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबध बनाए।
शादी की जिद की तो मारपीट कर बोला- नहीं करूंगा तुझसे शादी
मोनिका (परिवर्तित नाम) ने बताया कि बीते दिनों उसने राहुल से शादी करने के लिए कहा तो राहुल हर बार की तरह शादी करने की बात को टालने लगा। लेकिन इस बार मोनिका ने शादी करने की जिद पकड़ ली जिसके कारण उसका राहुल से झगड़ा हो गया और राहुल ने उसके साथ मारपीट करते हुए साफ लफ्जों में उससे शादी करने से इंकार कर दिया। जिसके बाद मोनिका पुलिस थाने पहुंची और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मोनिका की शिकायत पर राहुल के घर पर दबिश दी तो राहुल सोता हुआ मिला जिसे गिरफ्तार कर लिया गया।
Published on:
28 Jul 2022, 4:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.