4 सितंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

1-3 से पिछड़कर सुजय ने पलटा मुकाबला, बने जिला टेबल टेनिस चैंपियन

समापन समारोह में राष्ट्रीय मास्टर्स चैंपियनशिप में पुरुष युगल और मिश्रित युगल में स्वर्ण पदक जीतने वाले सुजय चतुर्वेदी का सम्मान किया गया। इसके अलावा इंदौर में आयोजित प्रथम मध्य प्रदेश राज्य रैंकिंग प्रतियोगिता में बालिका अंडर-15 का खिताब जीतने वाली नव्या चतुर्वेदी को भी सम्मानित किया गया।
2 min read
Google source verification
Ranking Table Tennis Tournament

पुरुष एकल के फाइनल में राष्ट्रीय खिलाड़ी सुजय चतुर्वेदी ने शानदार वापसी करते हुए वीतेश कपूर को 4-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

ग्वालियर. ग्वालियर जिला टेबल टेनिस संघ एवं जीवाजी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रथम ग्वालियर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस प्रतियोगिता का रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ। पुरुष एकल के फाइनल में राष्ट्रीय खिलाड़ी सुजय चतुर्वेदी ने शानदार वापसी करते हुए वीतेश कपूर को 4-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया। दोनों राष्ट्रीय खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबले में दर्शकों को आखिरी गेम तक जबर्दस्त संघर्ष देखने को मिला। जीवाजी क्लब में खेले गए फाइनल में सुजय एक समय 1-3 से पिछड़ रहे थे। इसके बाद उन्होंने अनुभव और धैर्य का परिचय देते हुए लगातार तीन गेम जीतकर मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया। सुजय ने वीतेश को 8-11, 11-7, 6-11, 9-11, 11-9, 11-5 और 11-7 से पराजित किया। शुरुआती चार गेम में पिछड़ने के बावजूद सुजय ने पांचवें गेम से खेल की रणनीति बदली और लगातार दबाव बनाते हुए जीत दर्ज की। महिला एकल के फाइनल में राष्ट्रीय खेल पदक विजेता हिमानी चतुर्वेदी ने नव्या चतुर्वेदी को सीधे तीन गेम में 3-0 से हराकर खिताब जीता। हिमानी ने पूरे मुकाबले में बेहतर नियंत्रण और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।

छह आयु वर्गों में विजेता

बालक अंडर-11 वर्ग में मेहुल शिवहरे ने तरपन छारी को 3-0 से हराकर खिताब जीता। मेहुल ने 11-9, 11-8 और 11-6 से जीत दर्ज की। बालिका अंडर-11 वर्ग में पलक कुमारी ने आव्या दैपुरिया को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। बालक अंडर-13 वर्ग के फाइनल में भौमिक बघेल ने देवम पुरुषवानी को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका अंडर-13 में नव्या चतुर्वेदी ने पलक कुमारी को हराकर जीत दर्ज की। बालक अंडर-19 वर्ग में आरव तिवारी ने आर्नव गर्ग को 3-0 से हराया। आरव ने 11-4, 11-3 और 11-3 से मुकाबला अपने नाम किया।

राष्ट्रीय और राज्य विजेताओं का सम्मान

समापन समारोह में राष्ट्रीय मास्टर्स चैंपियनशिप में पुरुष युगल और मिश्रित युगल में स्वर्ण पदक जीतने वाले सुजय चतुर्वेदी का सम्मान किया गया। इसके अलावा इंदौर में आयोजित प्रथम मध्य प्रदेश राज्य रैंकिंग प्रतियोगिता में बालिका अंडर-15 का खिताब जीतने वाली नव्या चतुर्वेदी को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में उभरती प्रतिभाओं के रूप में ग्वालियर के नन्हे खिलाड़ियों कृषिव कपूर, आर्ना चतुर्वेदी और अश्लेषा मिश्रा को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि जीवाजी क्लब के सचिव संजय वर्मा ने तीनों खिलाड़ियों को क्लब की ओर से एक-एक टेबल टेनिस बैट देने की घोषणा की। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।समापन समारोह में आईटीएम यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. ओमवीर सिंह विशिष्ट अतिथि रहे। जिला टेबल टेनिस संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. नीरज कौल, रवि बग्गा और वरिष्ठ खिलाड़ी अशोक मांजरेकर ने अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन सचिव सुयश चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।