
woman suspicious death husband murder allegation
Death mystery: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद उसके मायके वालों ने पति व ससुराल पक्ष पर हत्या करने के आरोप लगाए हैं। मायके वालों का आरोप है कि पति शराब व जुए का आदी है वो दहेज के लिए पत्नी को परेशान करता था और मारपीट करता था। मायके वालों का आरोप है कि पति ने गला घोंटकर हत्या की है और फांसी लगाकर आत्महत्या करने की झूठी कहानी बता रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का सही कारण पता चल पाएगा।
ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र में आमखो पहाड़िया शिवाजी नगर टंकी के पास रहने वाली 31 वर्षीय महिला दीक्षा राजावत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दीक्षा के पति यतेन्द्र सिंह राजावत का कहना है कि दीक्षा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पति ने बताया कि उसने जब पत्नी दीक्षा को फांसी के फंदे पर लटका देखा तो तुरंत उतारकर अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दीक्षा और यतेन्द्र की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी और उनकी एक 8 साल की बेटी भी है।
दीक्षा के मायके पक्ष ने पति यतेन्द्र और ससुराल पक्ष पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। दीक्षा के परिजनों का आरोप है कि यतेन्द्र सिंह शराब और जुए का आदी है। वो जुए में दीक्षा के जेवरात तक हार चुका है, दहेज के लिए वो दीक्षा के साथ मारपीट करता था। दीक्षा के मामा ने बताया कि दीक्षा के गले पर फांसी लगाने जैसे कोई स्पष्ट निशान नहीं थे, जबकि उसके पैर और छाती पर चोट और मारपीट के निशान दिखाई दे रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया है कि पहले दीक्षा के साथ मारपीट की गई और फिर गला घोंटकर हत्या करने के बाद अब हत्या को आत्महत्या बताने की कोशिश की जा रही है।
दीक्षा के मायके वालों का कहना है कि दीक्षा एक प्राइवेट स्कूल में पिछले दो साल से 6 हजार रुपये महीने की नौकरी कर किसी तरह परिवार पालने में मदद करती थी, इसके बावजूद उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। पति यतेन्द्र दो दिन पहले ही गुजरात से छुट्टी लेकर वापस ग्वालियर आया था और अब ये घटना हो गई। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा।
Published on:
21 May 2026 04:04 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
