
जांच करते कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा। फोटो- पत्रिका
हनुमानगढ़। राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने शनिवार को हनुमानगढ़ जिले के संगरिया क्षेत्र में स्थित स्टार एग्री फैक्ट्री पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आईं। फैक्ट्री में बीज की मैन्युफैक्चरिंग, ग्रेडिंग और प्रोडक्शन का काम तमिलनाडु के नाम पर दिखाया जा रहा था, जबकि सारा काम संगरिया में हो रहा था।
छापेमारी के दौरान करीब 40 हजार गेहूं के बीज के थैले और कुल 1 लाख 70 हजार बैग सीज किए गए। मंत्री के निर्देश पर बीज की बिक्री पर तत्काल रोक लगा दी गई और गुणवत्ता जांच के लिए सैंपल लिए गए। कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह वीडियो भी देखें
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने हनुमानगढ़ में प्रमाणिक बीज तैयार करने को लेकर आवंटित खेतों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद मंत्री ने मीडिया को बताया था कि कुछ महीने पहले श्रीगंगानगर में मैंने नकली बीज निर्माता कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इसके बाद बीज निर्माता फर्मों ने जांच पर सवालिया निशान लगाया था। उन्हीं के जवाब तलाशने के लिए मैं यहां आया हूं। मंत्री ने मीडिया के सामने दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए कहा कि हकीकत यह है कि कंपनियां खेतों की बजाय कागजों में प्रमाणिक बीज तैयार कर रही है।
Updated on:
27 Sept 2025 08:31 pm
Published on:
27 Sept 2025 04:18 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
