
पंचायत समिति हनुमानगढ़ की साधारण सभा की बैठक में उठे कई मुद्दे
खाद्य सुरक्षा सूची में गुपचुप नाम जोडऩे पर सरपंचों ने उठाए सवाल, पंचायत समिति हनुमानगढ़ की साधारण सभा की बैठक में उठे कई मुद्दे
हनुमानगढ़. पंचायत समिति हनुमानगढ़ की साधारण सभा में खाद्य सुरक्षा में मनमाने तरीके से नाम जोडऩे का मुद्दा जोर-शोर से उठा। सरपंचों का कहना था कि रसद विभाग कार्यालय से सांठगांठ कर डिपो होल्डर गुपचुप तरीके से सूची में नाम जुड़वा लेते हैं। दूसरी तरफ सरपंच पात्र लोगों का नाम जुड़वाने के लिए जाते हैं तो उनके द्वारा अनुमोदित नामों पर कुंडली मार दी जाती है। साधारण सभा में अफसरों के सामने जब सरपंचों ने इस तरह के आरोप लगाए तो मौजूद एसडीएम सुरेंद्र पुरोहित ने ऐसे मामलों की जांच के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया। साथ ही अपात्रों के नाम सूची से हटाने को लेकर ग्राम सभा में निर्णय लेने पर भी सहमति बनी। जिससे पात्रों को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ मिल सके। टाउन स्थित पंचायत समिति सभागार में शुक्रवार को हुई साधारण सभा की बैठक में गांवों में अशुद्ध पेयजल सप्लाई का मामला भी उठा। इसके अलावा चहेते लोगों को दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत लाभान्वित कर बिजली कनेक्शन करने का मामला भी उठा। सरपंच इंद्रजीत शर्मा ने हरियाणा बार्डर से हो रही नशे की सप्लाई की समस्या को सदन के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि नशे की सप्लाई दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। पुलिस महकमे के साथ मिलकर नशे की रोकथाम करने पर जोर दिया। पंचायत समिति प्रधान जयदेव भिड़ासरा, एसडीएम सुरेंद्र पुरोहित, सरपंच जगदीश राय, इंद्रजीत शर्मा सहित अन्य बैठक में मौजूद रहे। गत वर्षों में हुई बैठकों के मुकाबले शनिवार को अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति संतोषजनक रही। पंचायत समिति की साधारण सभा में आमंत्रित लगभग सभी विभागों के प्रतिनिधियों की मौजदूगी रही।
समन्वय की जरूरत
उप प्रधान अमर सिंह सिहाग ने आसमभा में कहा कि विकास हो रहे हैं लेकिन नियोजित विकास हो सके, इसके लिए सभी विभागों में आपसी समन्वय का होना जरूरी है। सभी सरपंचों ने इस बात का समर्थन किया और पंचायत समिति की बैठकों में संबंधित विभागों के समन्वय पर जोर दिया। मार्च में प्रस्तावित नहरबंदी के दौरान पेयजलापूर्ति सुचारू रखने को लेकर सभी को अभी से तैयारी में जुट जाने की बात कही।
बंदी में नहीं हो दिक्कत
नहरबंदी अवधि में गांवों में पेयजलापूर्ति सुचारू रखने को लेकर डिग्गियों में जल भंडारण की व्यवस्था पुख्ता करने पर जोर दिया गया। मनरेगा से बजट अलॉट करवाकर डिग्गियों की सफाई शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही मनरेगा में सभी विभागों की ओर से कार्य स्वीकृत करने की सलाह दी। जिससे अधिकाधिक संख्या में मजदूरों को रोजगार मिल सके।
देरी से हुई बैठक
पंचायत समिति हनुमानगढ़ की साधारण सभा की बैठक करीब आठ महीने बाद हुई। आचार संहिता लगने के बाद चुनाव संपन्न हुए तो विधानसभा का सत्र शुरू हो गया, इसलिए साधारण सभा की बैठक आयोजित करने में काफी वक्त लग गया। नई सरकार बनने के बाद पहली बार साधारण सभा की बैठक बुलाई गई थी।
जिप की बैठक सात को
हनुमानगढ़. जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक सात फरवरी को जिला परिषद सभागार में होगी। इसकी जानकारी जिला परिषद सीईओ नवनीत कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। सुबह ग्यारह बजे से शुरू होने वाली बैठक की अध्यक्षता जिला प्रमुख कृष्ण चोटिया करेंगे।
Published on:
01 Feb 2019 09:26 pm
बड़ी खबरें
View Allहनुमानगढ़
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Hanumangarh: ढाणी में बना रहे थे ड्रग्स, पुलिस ने रसायन, एमडी और अफीम पकड़ी, सरकारी टीचर भी गिरफ्तार

