
वादा खिलाफी पर बैंक स्टॉफ ने खोला मोर्चा, सहकारी बैंककर्मियों ने धरना लगाकर जताया विरोध
हनुमानगढ. केन्द्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के अधिकारियों व कर्मचारियों नें 15 वें वेतन समझौते को लागू करवाने की मांग को लेकर बुधवार को धरना लगा दिया। जंक्शन में सर्किट हाउस के सामने स्थित बैंक के मुख्य कार्यालय के समक्ष बैंक स्टॉफ ने धरना लगाया। नारेबाजी कर सभी ने विरोध जताया। सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप भी लगाया। ऑल राजस्थान को ऑपरेटिव एम्पलाइज यूनियन के नेतृत्व में बैंक स्टॉफ आंदोलन कर रहा है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने वेतन समझौता लागू नहीं किया तो आठ फरवरी को जयपुर में अनशन पर सभी कर्मचारी बैठेंगे। इसके बाद सरकार ने मांगे नहीं मानी तो 11 फरवरी को सहकारी बैक कर्मी हड़ताल पर चले जाएंगे। इस तरह साफ है कि बैंक स्टॉफ के असहयोग के बीच सरकार को कर्जमाफी कार्य में काफी पसीना बहाना पड़ सकता है। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकारी हमारी मांगों को लेकर गंभीर नहीं हो हरी। इस स्थिति में हम अवकाश के दिन लगने वाले कर्जमाफी शिविर में सहयोग नहीं करेंगे। इस मौके पर यूनियन सचिव जितेंद्रपाल सिंह चौहान, रामकुमार सहारण, मेाहम्मद लतीफ, मुकेश बैरवा, रामावतार खीचड़,संजय सुखाडिय़ा, शैलेन्द्र गुप्ता,प्रदीप सिंह, मनीष गांधी, विनोद कुमार, संजय दुखाडिय़ा सहित अन्य मौजूद रहे।
आज से लगेगा कर्जमाफी शिविर
पायलट प्रोजेक्ट के तहत सात फरवरी यानी गुरुवार को पहला कर्जमाफी शिविर पक्काभादवा में लगेगा। यहां पचास हजार से दो लाख रुपए तक ऋण लेने वाले 633 किसान हैं। आठ को लौंगवाला व डबलीराठान, नौ फरवरी को गुरुसर व दुलमाना में शिविर लगाया जाएगा। पायलट प्रोजेक्ट में आने वाली कमियों को दूर कर आगे ग्राम सेवा सहकारी समिति स्तर पर शिविर लगाने को लेकर कैंलेंडर जारी किया जाएगा।
३७६ करोड़ होंगे माफ
नई सरकार की घोषणा के अनुसार केन्द्रीय सहकारी बैंक हनुमानगढ़ से जुड़े 90 हजार किसानों के 376 करोड़ माफ किए जाएंगे। लेकिन अब बैंक स्टॉफ ने मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में अवकाश के दिन लगने वाले कर्जमाफी शिविर में कार्य नहीं करने की चेतावनी दी है। इससे कर्जमाफी शिविरों का कैंलेंडर भी बदल सकता है।
Updated on:
6 Feb 2019, 9:13 PM IST
Published on:
6 Feb 2019, 9:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.