
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्य के संगठन प्रभारी अविनाश राय खन्ना ( Avinash Rai Khanna) शनिवार को हनुमानगढ़ जिले की यात्रा पर आए। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं की बैठक ली और पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि पार्टी जीतने के लिए चुनाव लड़ रही है और विजयी होने की क्षमता रखने वालों को ही टिकट मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी विचारधारा रखने वाले और विजयी होने की क्षमता रखने वालों को टिकट मिलेगी।
कितने विधायकों के टिकट कटेंगे ? के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह अभी निश्चित नहीं कहा जा सकता है। पार्टी अध्ययन कर रही है। पार्टी के स्तर पर सर्वे हो रहा है। दीपावली के बाद पहली सूची जारी होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी राजस्थान के चुनाव को गंभीरता से ले रही है। चुनाव में विजयी होने के लिए पार्टी बूथ स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जनसम्पर्क अभियान बूथ स्तर पर चल रहा है। इसके लिए हर बूथ पर न्यूनतम 21 सदस्यों का दल बनाया गया है।
राज्य प्रभारी ने दावा किया कि राज्य को विकसित राज्य की श्रेणी में लाने के लिए भाजपा की सरकार ने कार्य किया और सीधे तौर पर दो करोड़ लोगों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया।
वहीं दूसरी ओर... शांति प्रिय चुनाव संपन्न कराने में पुलिस का करें सहयोग
हनुमानगढ़/संगरिया। चुनावों के मद्देनजर शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों ने फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस प्रशासन ने शनिवार को शहर में फ्लैग मार्च निकालते हुए लोगों से शांतिप्रिय ढंग से चुनाव संपन्न करवाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। मार्च सीमा सुरक्षा बल के इंस्पेक्टर संदीप सिन्हा, एएसआई भीमसिंह, कांस्टेबल सुखचरणसिंह व आसूचना अधिकारी संजय आदि के नेतृत्व में सीमा सुरक्षा बल जवानों ने मतदाताओं को समझाया कि वे किसी के दबाव में आकर वोट ना डालें। उन्होंने कहा चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा उत्पन्न करने वाले लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा। गौरतलब है कि कई संवेदनशील तथा अति संवेदनशील बूथों पर चुनावों के दौरान हंगामा झगड़ा होने की संभावना बनी रहती है।
Updated on:
03 Nov 2018 04:44 pm
Published on:
03 Nov 2018 04:44 pm
