
ट्रॉलियों में हुई भिड़ंत, तीन बच्चे और दो महिलाऐं हुईं घायल, मची चीख-पुकार
हनुमानगढ़/संगरिया.
खेत से लौट रहे तीन मजदूर परिवारों की दो महिलाएं एवं तीन बच्चे दो ट्रॉलियों की भिड़ंत में घायल हो गए। हादसे में एक महिला के जबड़े व मुंह पर गंभीर चोटें आई जबकि एक बालक लकडियों के नीचे दब गया। एक बच्ची ने कूद कर अपनी जान बचाई। हादसा रविवार देर शाम करीब आठ बजे नाथवाना पुल पर वक्त हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव निहालसिंहवाली किल्ली (भटिंडा) पंजाब निवासी जसकरणसिंह, जोगेंद्रसिंह व दर्शनसिंह के परिवार गांव भगतपुरा से नरमा चुगाई करके एक ट्रेक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर नरमा भरी गठरियां लादकर नाथवाना ढाणी लौट रहे थे। अचानक सामने से लकडिय़ों से भरी एक ट्रेक्टर-ट्रॉली के चालक ने टक्कर मार दी। जिससे मजदूर परिवारों की महिला गांव वाम जिला मुक्तसर निवासी परमजीतकौर (40) पत्नी जागेन्द्रसिंह मजबीसिख, निहालसिंहवाली किल्ली गांववासी राजो (42) पत्नी जसकरणसिंह, उसके पुत्र जगदीप (4) व जगसीर (8) तथा लक्ष्मी (13) पुत्री दर्शनसिंह मजबीसिख घायल हो गए। इस दौरान परमजीत कौर के जबड़े व मुंह पर गंभीर चोटें आईं जबकि बालक जगदीप लकडिय़ों के नीचे दब गया।
चीख-पुकार के इस माहौल में मुकेश कश्यप, अर्जुन, मुबारक खां, विक्की तथा अजय ने हिम्मत दिखाई और घायलों को अपने साधनों से अस्पताल पहुंचाना शुरू किया। परमजीतकौर को 108 एंबुलेंस से हनुमानगढ़ रेफर कर दिया जबकि अस्पताल में उपचाराधीन हैं। दोनों वाहनों के चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गए।
Published on:
28 Oct 2018 09:37 pm
