14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Hanumangarh: SBI में 9 करोड़ के बीमा क्लेम फर्जीवाड़े में दिव्यांग विधवा नामजद, पेंशन होल्ड; खाने के पड़े लाले

SBI Bank Fraud Rajasthan: हनुमानगढ़ जिले के पल्लू कस्बे में मेगा हाइवे पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक में 9 करोड़ रुपए के बीमा क्लेम के फर्जीवाड़े में नए चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे है। मामले में एफआइआर दर्ज होने पर एक विकलांग विधवा महिला की पेंशन भी अटक गई है।

4 min read
Google source verification
hanumangarh sbi bima claim scam

एसबीआइ में 9 करोड़ के बीमा क्लेम फर्जीवाड़ा प्रकरण, फोटो एआइ

SBI Bank Fraud Rajasthan: हनुमानगढ़ जिले के पल्लू कस्बे में मेगा हाइवे पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक में 9 करोड़ रुपए के बीमा क्लेम के फर्जीवाड़े में नए चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे है। मामले में एफआइआर दर्ज होने पर एक विकलांग विधवा महिला की पेंशन भी अटक गई है। पुलिस थाने में दर्ज 162 नामजद किसानों के खिलाफ एफआईआर में क्रम संख्या 79 पर बिसरासर गांव निवासी कमला पत्नी रेवन्तराम, 84 क्रम संख्या पर किरण पुत्री रेवन्तराम व क्रम संख्या 93 पर विक्रम पुत्र रेवन्तराम दर्ज है।

दिव्यांग महिला जो आर्थिक रूप से बहुत ही कमजोर है और उनके पास कोई कृषि भूमि राजस्व रिकोर्ड में दर्ज नहीं है। कमला देवी खुद विकलांग हैं और उनके पति रेवन्तराम का स्वर्गवास हो चुका है, जो पूरी तरह से अपनी पेंशन की राशि से अपने बच्चों का पालन पोषण कर रही है।

योजना का लाभ दिलाने का झांसा दे लिए दस्तावेज

विधवा महिला के पुत्र विक्रम ने बताया कि वह अपनी व अपनी बहन की शादी में सरकार द्वारा किसी योजना के तहत मिलने वाली सहायता के बारे में जानकारी लेने के लिए जुलाई 2025 को एसबीआई बैंक में गया तो वहां गिरधारी पुत्र हनुमान जाट मिला और उसने विधवा व विकलांग महिला के बच्चों की शादी के लिए सरकार द्वारा कई योजनाओं के तहत सहायता राशि उपलब्ध करवाने की बात कह उनकी माता कमला देवी, बहन किरण व उसके आधार कार्ड व बैंक पासबुक की फोटो कॉपी रख ली।

बैंक में कर्मचारी गिरधारी ने उस पर तीनों मां, बेटी व बेटे को फर्जी किसान दिखाते हुए फर्जी खरीफ 2025 में मूंगफली फसल का बीमा काट दिया। जांच के बाद उनके तीनों के बैंक खाते होल्ड हो गए। बैंक शाखा प्रबंधक व बैंक कर्मियों की साजिश से बैंक खाता होल्ड होने से उसके परिवार के सामने खाने के लाले पड़ गए हैं, क्योंकि उनकी एकमात्र आजीविका का जरिया पेंशन राशि थी, जो पिछले 3 महीने से खाता होल्ड होने की वजह से अटक गई।

अस्थाई बैंक कर्मी ने ऐसे किया घोटाला

जानकारी के अनुसार एसबीआई बैंक में अस्थाई कर्मचारी व बीमा क्लेम फर्जीवाड़े में शामिल गिरधारी ने अपने भांजे बजरंग को एसबीआई के पास ही बैंक बीसी, ईमित्र व सीएससी सेंटर दिला रखा है और यहीं से कोई व्यक्ति खाता खुलवाने व अपने दस्तावेज की फोटोकॉपी निकलवाने आता है तो उसके दस्तावेज रख लेते है, जिनको बाद में बैंक के माध्यम से ऋणी किसान दिखाते हुए फर्जी बीमा काट देते है। बैंक में अस्थाई नियुक्ति पर तैनात कर्मचारी गिरधारी ने अपने भांजे बजरंग के ईमित्र सेंटर को अपनी साजिश देने का माध्यम बना रखा था।

ऋणी किसान दिखाते हुए बीमा काटा

लोगों ने बताया कि जब भी वो बैंक में काम के लिए जाते तो गिरधारी उसको अपने भांजे के ईमित्र पर भेज देता। कस्बे के निवासी परमेश्वर लाल ने बताया कि उनके नाम पल्लू राजस्व में कृषि भूमि दर्ज है और वो अऋणी किसान है। उन्होंने अपनी खरीफ फसल का बीमा करवाने के लिए बैंक कर्मचारी गिरधारी के भांजे बजरंग के सीएससी सेंटर पर दो बीमा पॉलिसी के दस्तावेज दिए परन्तु बजरंग ने गड़बड़ी करते हुए वो दोनों पॉलिसी के दस्तावेज बैंक कर्मचारी गिरधारी को दे दिए।

जिसने उनको अऋणी से ऋणी किसान दिखाते हुए उनका बीमा काट दिया। एफआईआर में दर्ज फर्जी 162 किसानों में से लगभग 62 किसानों के नाम पल्लू तहसील क्षेत्र के है और कईयों के नाम खुद की कृषि भूमि भी है जिससे लगता है कि शायद बैंक शाखा प्रबन्धक व बैंक कर्मचारियों ने सौ फर्जी पॉलिसी को दबाने के लिए स्थानीय 62 किसानों को साथ में घसीट लिया ताकि कोई उन पर शक नहीं करे।

एफआईआर में भाजपा कार्यकर्त्ता भी नामजद

कृषि अधिकारी राकेश कुमार द्वारा एसबीआई शाखा प्रबन्धक अंकुश मिगलानी व तीन अन्य अस्थाई कर्मचारियों द्वारा 162 किसानों के नाम ऋणी भूमि दिखाते हुए 9 करोड़ रूपए के बीमा क्लेम फर्जीवाड़े की साजिश को अंजाम देने के लिए पुलिस थाने में 162 नामजद लोगों पर एफआईआर दर्ज करवाई गई जिसमें कई भाजपा कार्यकर्ताओं के नाम भी शामिल होने के कारण तहसील क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

सालासर पुलिस ने किया गिरफ्तार

एसबीआई में बीमा क्लेम हड़पने की साजिश में शामिल अस्थाई बैंक कर्मचारी चुरू जिले के बिदासर गांव निवासी भागीरथ मल नायक को सालासर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बैंक में अस्थाई कर्मचारी भागीरथ मल नायक ने पल्लू एसबीआई में ही नहीं बल्कि सालासर में एसबीआई बैंक में भी शाखा प्रबन्धक उमेश सारस्वत के साथ मिलकर बीमा क्लेम में बहुत बड़ा गबन किया था।

मामले में कृषि विभाग के सहायक निदेशक गोविन्द सिंह राठौड़ ने 14 फरवरी को शाखा प्रबन्धक उमेश सारस्वत, बैंक कर्मी भागीरथ मल नायक व बीमा कम्पनी के अधिकारीयों पर राजकोष से प्रीमियम राशि का दुरूपयोग कर फर्जी क्लेम उठाने का आरोप लगाते हुए सालासर पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था। अस्थाई बैंक कर्मी भागीरथ मल नायक ने एसबीआई बैंकों में डाटा एंट्री का काम ले रखा था व बीमा क्लेम के लिए लाखों रुपए का प्रीमियम अपने भांजे के खातों से ट्रांसफर करवाया था जिसकी जांच चल रही है।

इनका कहना है….

पल्लू एसबीआई बैंक में किए गए बीमा क्लेम फर्जीवाड़े में पुलिस थाने में दर्ज 162 नामजद लोगों में कोई पार्टी कार्यकर्ता शामिल है और जांच में दोषी पाया जाता है तो उनकी सदस्यता रद्द करते हुए पार्टी के उच्च पदाधिकारियों के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाएगी।

-प्रमोद कुमार डेलू भाजपा जिलाध्यक्ष हनुमानगढ़

कस्बे में स्थित एसबीआई बैंक में बीमा क्लेम फर्जीवाड़े में कृषि अधिकारी राकेश कुमार द्वारा दर्ज करवाई गई 162 नामजद किसानों के खिलाफ एफआईआर के तहत जांच जारी है और शीघ्र ही मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
-सुरेश कुमार मील थाना प्रभारी पल्लू

बड़ी खबरें

View All

हनुमानगढ़

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग