
टिब्बी (हनुमानगढ़)। कृषि कार्य करने के दौरान खेत में बनी डिग्गी से पानी लेने गए बड़े भाई के डिग्गी में गिर जाने के बाद उसे बचाने के लिए डिग्गी में उतरे दो छोटे भाइयों की डूबने से मौत हो गई जबकि बड़े भाई को सकुशल डिग्गी से बाहर निकाल लिया गया।
घटनाक्रम के अनुसार चक पांच एमजेडडब्ल्यू रोही डबलीकलां निवासी चार भाई बंटी, सुखदेव, सुखबीर व सीताराम पुत्र बेगराज नायक मंगलवार को चक 12 डीबीएल के एक खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। दोपहर में बंटी (28) खेत में बनी डिग्गी से पानी लेने गया था वहां पर उसका पैर फिसलने से वह डिग्गी में गिर गया उसको डिग्गी में डूबता देख उसके छोटे भाई सुखदेव (21) व सुखवीर (18) उसको निकालने के लिए डिग्गी में कूद गए।
मौके पर पहुंचे सीताराम व आसपास के ग्रामीणों ने बंटी को रस्सी के सहारे डिग्गी से सकुशल बाहर निकाल लिया जबकि सुखदेव व सुखबीर की डिग्गी के गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर तलवाड़ा झील पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों के शव को टिब्बी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की मोर्चरी में पहुंचाया जहां उनका पोस्टमार्टम कर शव उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिए। इस संबंध में पुलिस ने मृतक के भाई सीताराम की सूचना पर मर्ग दर्ज की है।
Updated on:
21 Jan 2025, 7:26 PM IST
Published on:
21 Jan 2025, 7:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.