
चाचा-भतीजे की हार्ट अटैक से मौत। फोटो पत्रिका नेटवर्क
Hanumangarh Heart Attack case : हनुमानगढ़। फेफाना क्षेत्र के गांव राजपुरिया में चाचा-भतीजे की एक ही दिन हार्ट अटैक से मौत होने की दर्दनाक घटना सामने आई है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई और माहौल गमगीन हो गया।
जानकारी के अनुसार, राजपुरिया निवासी राजेंद्र सहारण गुरुवार को नोहर में अपनी बहन के घर भात भरने की रस्म में शामिल होने गए थे। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन रस्म पूरी होने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उन्हें तेज सीने में दर्द हुआ और वे बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।
इसी दौरान गांव राजपुरिया में एक और दुखद घटना घटी। राजेंद्र सहारण के भतीजे सुरेंद्र सहारण, जो अपने घर पर ही मौजूद थे, की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें भी सीने में दर्द की शिकायत हुई और कुछ ही देर में उनकी हालत गंभीर हो गई। परिवार के लोग उन्हें संभाल पाते, उससे पहले ही उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों ने उनकी मौत का कारण भी हार्ट अटैक बताया है।
एक ही दिन चाचा और भतीजे की इस तरह अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में यह खबर फैलते ही हर कोई स्तब्ध रह गया और शोक व्यक्त करने वालों का तांता लग गया।
शुक्रवार को दोनों का अंतिम संस्कार गमगीन माहौल में किया गया। दोनों के दो-दो बेटे और एक-एक बेटी हैं। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है और हर कोई इसे लेकर शोकाकुल है।
विशेषज्ञों के अनुसार अचानक हृदय गति रुकना एक गंभीर स्थिति होती है, जो बिना किसी चेतावनी के भी हो सकती है। इसके लक्षणों में सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, चक्कर आना, अत्यधिक पसीना आना और अचानक बेहोशी शामिल हैं। ऐसे मामलों में तुरंत चिकित्सकीय सहायता मिलना बेहद जरूरी होता है।
Updated on:
27 Mar 2026 08:03 pm
Published on:
27 Mar 2026 08:03 pm
