
रणथंभौर में विदेशी महिला पर्यटक की मौत (फोटो सोशल मीडिया)
Rajasthan Death of Foreign Woman in Ranthambore: सवाई माधोपुर: विश्व प्रसिद्ध रणथंभौर टाइगर रिजर्व घूमने आई एक विदेशी महिला पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। आयरलैंड निवासी 40 वर्षीय मरियम फ्रांसिस अपने दोस्तों के दल के साथ सवाई माधोपुर के होटल रणथंभौर हेरिटेज हवेली में ठहरी हुई थीं।
बता दें कि गुरुवार रात खाना खाने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जो अंततः जानलेवा साबित हुई। कुंडेरा थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयरलैंड का यह पर्यटक दल रणथंभौर के प्राकृतिक सौंदर्य और बाघों के दीदार के लिए आया था।
घटना वाली रात होटल में सभी साथियों के साथ डिनर करने के बाद मरियम अपने कमरे में चली गई थी। कुछ समय बाद जब उनके साथी उन्हें देखने कमरे में पहुंचे, तो मरियम अचेत और बेहोशी की हालत में मिली। होटल प्रबंधन और साथियों ने बिना वक्त गंवाए उन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।
निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने सघन जांच के बाद मरियम को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सा अधिकारियों के मुताबिक, जब महिला को अस्पताल लाया गया, तब वह पहले ही 'ब्रेन डेड' हो चुकी थी और उनकी ईसीजी रिपोर्ट भी पूरी तरह फ्लैट आई।
हालांकि, मौत के सटीक कारणों को लेकर अभी सस्पेंस बरकरार है। शुरुआती कयासों में इसे हार्ट अटैक या फूड पॉइजनिंग से जोड़कर देखा जा रहा है। लेकिन वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कुंडेरा थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। एएसआई रूप सिंह ने बताया, हमने आयरलैंड दूतावास और भारतीय विदेश मंत्रालय को घटना की आधिकारिक सूचना दे दी है। नियमों के मुताबिक, दूतावास से लिखित अनुमति मिलने के बाद ही मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।
फिलहाल, पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और होटल के किचन स्टॉफ व मृतका के साथियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या डिनर में कुछ ऐसा था, जिससे तबीयत बिगड़ी या महिला की कोई पुरानी मेडिकल हिस्ट्री थी। विदेशी पर्यटक की मौत ने स्थानीय पर्यटन जगत और प्रशासन को भी चिंता में डाल दिया है।
Published on:
27 Mar 2026 03:03 pm
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
