
पीएम आवास पर लिखे हैं पीएम और सीएम का नाम
खिरकिया. विधानसभा चुनाव को लेकर भले ही आचार संहिता लग गई हो और जनप्रतिनिधियों व पार्टी के चित्र और नामों को विलोपित किया जा रहा हो लेकिन पीएम आवास योजना के तहत मकानों पर अब भी प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम लिख हुए हैं। प्रशासन का इस और ध्यान नहीं है। हालांकि मामला उजागर होने के बाद अधिकारियों द्वारा उनके नामों को विलोपित करने की बात की जा रही है। मकान के सामने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का नाम लिखा होने से परिवार के मुखिया को भी असहज महसूस होता है। हालांकि योजना के तहत बने मकानों पर लिखे इन नामों को मिटाने की हिम्मत भी कोई नहीं करता है।
गरीबों ने बताई अपनी मजबूरी
अपने मकानो पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम लिखे होने से परिवार का मुखिया और हितग्राही असहज महसूस कर रहे है। गरीबो के मकानों के लिए शासन द्वारा राशि दी जा रही है, लेकिन आवासों पर उनके नाम लिखे जाना अनुचित भी बताया जा रहा है। ग्रामीणो को योजना का लाभ मिलने पर ग्रामीण दबी जुबान इन नामों की परेशानी भी बताते है। हितग्राहियों ने बताया कि हम गरीब है, अपने के लिए पक्के आवासों का निर्माण नहीं करा सकते है, अब शासन ने योजना का लाभ दे रहे तो हमारे आवासों पर उनका नाम लिखवा रहे है, यदि ऐसा नही करते है, योजना का लाभ नही दिया जाएगा।
अब फोटो लगाने की चर्चा
जहां ग्रामीण क्षेत्रों में आवासों की मुख्य दीवारों पर रंगों के नाम लिखे गए हैं, वहीं अब नए निर्मित आवासों पर पत्थर लगाए जाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि यह व्यवस्था शहरी क्षेत्रों के लिए बतायी जा रही है। इन पत्थरों में जहां योजना के प्रावधानों व लाभ का उल्लेख होगा, वहीं प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की फोटो होने की भी चर्चा है। सूत्रों की माने तो अब योजना के तहत बनने वाले नाए आवासों पर ये पत्थर लगाए जाएंगे।
इनका कहना है
पीएम आवास पर लिखे इस तरह के नामों को विलोपित किया जाएगा। वैसे भी विभागीय अमले द्वारा इस संबंध में कार्रवाई शुरू की गई है।
आत्माराम सांवरे, सीएमओ, नगर पंचायत खिरकिया
इस तरह के नाम हटाने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए गए हैं। पूरे विकासखंड में विलोपन की कार्रवाई जारी है।
वीपी यादव, एसडीएम
Published on:
09 Oct 2018 04:36 pm
