
मुंबई। मशहूर पॉप स्टार माइकल जैक्सन की बहन जेनेट जैक्सन अपनी पर्सनल चीजों के कलेक्शन को एक सेलिब्रिटी नीलामी में बेचेंगी। अगले महीने होने वाली इस नीलामी को 14 से 16 मई के दौरान बेचा जाएगा। इसे वह अपने 55वें जन्मदिन को भी खास बनाएंगी।
1000 से ज्यादा चीजें होंगी नीलाम
जेनेट की 1000 से भी ज्यादा व्यक्तिगत चीजों को नीलाम किया जाना है। इनमें में जेनेट की विशेष मौकों पर पहनी ड्रेसेस को नीलाम किया जाएगा। इसमें उनकी 1991 में डांसर रेने एलिजोंडो जूनियर से सीक्रेट शादी पर पहनी गई वैंडिंग ड्रेस भी होगी। इसके अलावा इनमें फेमस 'रिद्म नेशन' मिलिट्री जैकेट भी होगी जिसे उनका सबसे यादगार आउटफिट माना जाता है। साथ ही सिल्वर कलर की ईयरिंग भी नीलाम होगी जिस पर लटकती हुई चाबी बनी है। इनके अलावा उनके वीडियो 'स्क्रीम' से जुड़े आउटफिट भी बेचे जाएंगे। इस वीडियो में उनके भाई माइकल जैक्सन भी नजर आए थे।
नीलामी से मिलेंगे करोड़ों
सिंगर के कपड़ों और अन्य यादगार चीजों को नीलामी के लिए अमरीका ले जाने से पहले लंदन के हॉर्ड रॉक कैफे में 19 अप्रेल से प्रर्दशनी के लिए भी रखा जाएगा। जूलियन ऑक्शंस के मार्टिन नोलन के अनुसार,'जेनेट ने ऐसा पहले कभी नहीं किया है। हमने उनको कई बार सम्पर्क किया और हर बार उनसे कुछ भी नीलामी के लिए प्राप्त करना मुश्किल रहा क्योंकि वह सबकुछ अपने पास संभाल कर रखती हैं। उनके पास ये चीजें वर्षों से उनके लॉस एंजिलिस, न्यूयॉर्क और लंदन वाले घरों में स्टोर हैं। वह अपने चीजों के प्रति सचेत हैं कि उन्हें हर चीज के बारे में याद है कि कब और क्या पहना। अब उन्हें लगता है कि इन चीजों को उनके पास नहीं रहना चाहिए।' माना जा रहा है कि इस नीलामी से लाखों डॉलर प्राप्त होंगे। इनका एक हिस्सा कम्पैशन इंटरनेशनल को जाएगा। कम्पैशन इंटरनेशनल संसार भर में चर्चों के साथ मिलकर बच्चों के धार्मिक, आर्थिक, सामाजिकऔर शारीरिक कमजोरी के लिए काम करता है।
गौरतलब है कि जेनेट जेक्सन का जन्म 16 मई, 1966 को हुआ। वह गायक, गीतकार, अभिनेत्री और डांसर हैं। वह जेक्सन परिवार की दसवीं और सबसे छोटी सदस्य हैं। उन्होंने अपना करियर वैरायटी टीवी सीरीज ' द जेक्सन' के साथ 1976 में शुरू किया। 1982 में एएंडएम रिकॉर्डस के साथ एक सिंगिंग कॉन्ट्रैक्ट साइन करने के बाद वह पॉप आइकन बन गईं। इस दौरान उनका 1986 में आया 'कंट्रोल' और 'रिद्म नेशन'(1989) एलबम काफी पॉपुलर हुआ। सेलिब्रिटी नेट वर्थ साइट के अनुसार जेनेट की नेट वर्थ 190 मिलियन डालर यानी कि भारतीय मुद्रा में 14 अरब से ज्यादा की है।
Published on:
13 Apr 2021 04:23 am
बड़ी खबरें
View Allहॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
