
Masik Rashifal August 2026: अगस्त 2026 मासिक राशिफल में जानें मेष से मीन तक का भविष्यफल (फोटो सोर्स : AI@chatgpt)
Masik Rashifal August 2026: सावन के कारण अगस्त 2026 का महीना बेहद विशेष होने जा रहा है। सावन का महीना भगवान शिव का प्रिय महीना माना जाता है। ऐसे में कई राशियों के लिए शुभ संकेत मिलने संभावना भी है। आइए ज्योतिषाचार्य डॉ. अनीष व्यास से विस्तार से जानते हैं कि मेष से लेकर मीन राशि के जातकों के लिए यह महीना क्या सौगात और चुनौतियां लेकर आ रहा है।
अगस्त की शुरुआत मेष राशि के लिए सकारात्मक संकेत लेकर आ रही है। पहले दो सप्ताह तक ग्रहों की स्थिति अनुकूल रहेगी, जिससे आपके कई लंबित काम पूरे हो सकते हैं। यदि आप भूमि-भवन, करियर या व्यापार को लेकर तनाव में थे, तो अब समाधान की उम्मीद बन रही है। पारिवारिक रिश्तों में प्रेम और सहयोग बना रहेगा। प्रेम जीवन भी सुखद रहेगा — साथी के साथ समय बिताने के कई अच्छे मौके मिलेंगे। अविवाहित लोगों के लिए नए संबंध बनने के योग बन रहे हैं। शिक्षा से जुड़े जातकों को इस माह अच्छे अवसर मिलेंगे और मेहनत का उचित फल मिलेगा। माह का मध्य थोड़ा संतुलन मांगता है। स्वास्थ्य, संबंध और आर्थिक प्रबंधन, तीनों ही क्षेत्रों में सावधानी रखें। व्यवसायियों को माह के उत्तरार्ध में विशेष सतर्कता बरतनी होगी। कोई भी निवेश जल्दबाज़ी में न करें, वरना पैसा अटक सकता है। करियर और व्यवसाय में प्रतियोगिता तेज़ होगी, ऐसे में योजना के साथ आगे बढ़ना आवश्यक होगा। खानपान में अनियमितता से पेट संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए सेहत को नज़रअंदाज़ न करें।
अगस्त महीने में वृष राशि के जातकों के जीवन में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। करियर और व्यवसाय की दृष्टि से यह समय बहुत अनुकूल नहीं कहा जा सकता। इस दौरान भाग्य से ज़्यादा कर्म पर भरोसा करें। किसी भी योजना में सफलता पाने के लिए आपको मेहनत और लगातार प्रयास करते रहना होगा। कामकाज की मुश्किलों के बीच मानसिक संतुलन बनाए रखना सबसे अहम रहेगा। नौकरीपेशा जातकों को महीने के मध्य में भावुक निर्णयों से बचना चाहिए। कारोबारियों को इस समय किसी नए विस्तार की योजना फिलहाल टाल देनी चाहिए, जब तक कि स्थिति स्पष्ट न हो। शेयर बाज़ार या शॉर्टकट तरीकों से धन कमाने की सोच नुकसान पहुंचा सकती है। उत्तरार्ध में कार्य या ज़िम्मेदारी में अचानक परिवर्तन संभव है। पारिवारिक मामलों में आपको कई बार स्वयं को समझौता करते हुए पाएंगे। संतान को लेकर चिंता बनी रह सकती है। प्रेम संबंधों में भ्रम या गलतफहमियों से स्थिति उलझ सकती है। बेहतर होगा कि संवाद खुलकर करें और किसी भी निर्णय से पहले सोच-विचार करें।
अगस्त माह मिथुन राशि के लिए कुल मिलाकर शुभता और सौभाग्य लेकर आया है। केवल उत्तरार्ध के कुछ दिन थोड़े चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। इस महीने आप लंबे समय से रुके काम पूरे करने में सफल रहेंगे। कार्यक्षेत्र में आपकी योजना और समझदारी काम आएगी, और सीनियर-जूनियर दोनों का सहयोग मिलेगा। विरोधी पक्ष कमजोर रहेगा और उनके प्रयास विफल होंगे। व्यवसायियों को कारोबार में अपेक्षित लाभ और प्रगति देखने को मिलेगी। आय के नए स्रोत बन सकते हैं। महीने के मध्य में संपत्ति से जुड़ी कोई योजना फलीभूत हो सकती है, जैसे ज़मीन या घर की खरीद-बिक्री। इस समय आप जीवन की भौतिक सुविधाओं पर भी खर्च कर सकते हैं। उत्तरार्ध में नौकरीपेशा लोगों को उनके काम के लिए सराहना और सम्मान मिलने की संभावना है। कोर्ट-कचहरी से जुड़े मामलों में आपके पक्ष में फैसला आ सकता है। परिवार में किसी सदस्य की बड़ी उपलब्धि से हर्ष का वातावरण बनेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा, दांपत्य जीवन में तालमेल बढ़ेगा और प्रेम संबंधों में विश्वास मजबूत होगा।
अगस्त महीने की शुरुआत थोड़ी दौड़-भाग और मानसिक तनाव के साथ हो सकती है। किसी भी काम में सफलता पाने के लिए पहले प्रयास में सफलता नहीं मिलेगी, थोड़ा संघर्ष ज़रूरी होगा। इस समय अपने क्रोध और अहंकार पर नियंत्रण रखें। आपकी वाणी और व्यवहार ही आपके काम बना भी सकते हैं और बिगाड़ भी सकते हैं। गलत संगति या भ्रामक सलाह से दूर रहें, खासकर पारिवारिक और प्रेम संबंधों में। माह के दूसरे सप्ताह में यात्रा के योग हैं, जो लाभकारी साबित हो सकती है। प्रभावशाली व्यक्तियों से संपर्क बन सकते हैं। महीने का उत्तरार्ध अपेक्षाकृत अधिक शुभ रहेगा। बेरोज़गार जातकों को रोजगार मिलने के अच्छे अवसर हैं। ज़मीन या घर की खरीद-बिक्री में लाभ होगा। आर्थिक स्थिति भी बेहतर होगी। हालांकि पारिवारिक सामंजस्य बनाए रखने के लिए जीवनसाथी की भावनाओं का आदर करें और उन्हें पर्याप्त समय दें।
सिंह राशि के लिए अगस्त का महीना मिश्रित अनुभवों से भरा हो सकता है। महीने की शुरुआत में लाभ और खर्च दोनों की बराबरी रहेगी। व्यापारियों को लंबी यात्राएं करनी पड़ सकती हैं, जिससे थकान और तनाव बढ़ सकता है, लेकिन धन की आवक बनी रहेगी। दूसरे सप्ताह में कारोबार में कुछ रुकावटें और बाज़ार में प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है। माह के मध्य में निजी रिश्तों में खटास आ सकती है। अपने पार्टनर पर ज़रूरत से ज़्यादा दबाव डालने या अपनी इच्छाएं थोपने से बचें। बातचीत में मर्यादा और शालीनता बनाए रखें, वरना संबंधों में दरार आ सकती है। स्वास्थ्य के मोर्चे पर भी सावधानी ज़रूरी है पुरानी बीमारी या मौसमी संक्रमण परेशान कर सकता है। नौकरीपेशा लोगों को कार्य में लापरवाही से बचना चाहिए। अंतिम सप्ताह थोड़ा राहत देने वाला रहेगा, प्रियजनों के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा।
अगस्त माह का अधिकांश हिस्सा कन्या राशि के लिए शुभ संकेत दे रहा है। हालांकि अंतिम सप्ताह में थोड़ी सावधानी की ज़रूरत पड़ेगी। माह की शुरुआत में कामकाज से जुड़े यात्राएं हो सकती हैं, जो सफल और लाभकारी रहेंगी। आय के नए स्रोत बन सकते हैं और पहले से रुका हुआ धन भी मिल सकता है। महीने के दूसरे सप्ताह में धार्मिक या मांगलिक आयोजनों में सहभागिता का अवसर मिलेगा। परिवार में प्रेम और सहयोग का वातावरण रहेगा। विदेश से जुड़े कार्यों या योजनाओं में सफलता के संकेत हैं, अगर आप विदेश में नौकरी या व्यापार की योजना बना रहे हैं तो यह समय उपयुक्त है। माह का अंतिम सप्ताह सेहत और संबंधों के लिए थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। विद्यार्थियों का मन पढ़ाई में कम लगेगा और दांपत्य जीवन में तकरार की स्थिति बन सकती है। धैर्य और समझदारी से स्थिति को संभालें।
तुला राशि वालों के लिए अगस्त नई संभावनाओं और आर्थिक लाभ के संकेत लेकर आया है। जो काम आपने पहले शुरू किए थे, वे अब परिणाम देने लगेंगे। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी और आप अपनी सूझबूझ से करियर या व्यवसाय में अच्छी प्रगति करेंगे। माह के दूसरे सप्ताह में घरेलू सजावट या सुविधाओं पर खर्च की संभावना है। किसी बड़ी इच्छा की पूर्ति से परिवार में उत्सव का माहौल बनेगा। इस महीने आपकी वाणी और व्यवहार के चलते लोग आपसे आकर्षित होंगे। आप घर और कार्यस्थल पर अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर तरीके से निभाएंगे। हालांकि तीसरे सप्ताह में सेहत और संपत्ति से जुड़े मामलों में सतर्कता आवश्यक होगी। खानपान का ध्यान रखें और किसी भी प्रकार की अनदेखी से बचें। कुल मिलाकर, महीने का अधिकांश हिस्सा अनुकूल रहेगा और प्रेम जीवन में भी नयापन और निकटता देखने को मिलेगी।
अगस्त की शुरुआत वृश्चिक राशि के लिए कुछ उतार-चढ़ाव के साथ हो सकती है। छोटे कार्यों में भी अपेक्षा से अधिक मेहनत करनी पड़ेगी। इस समय दूसरों पर निर्भर न रहें, हर ज़िम्मेदारी को खुद निभाने की तैयारी रखें। नौकरीपेशा लोगों को सहयोग की कमी महसूस हो सकती है, परंतु आत्मविश्वास और फोकस के साथ आगे बढ़ें। माह के मध्य में कुछ राहत मिल सकती है। घर-परिवार में सामंजस्य बना रहेगा, लेकिन लापरवाही से बचें। करियर और व्यवसाय के लिहाज से उत्तरार्ध बेहतर साबित होगा। प्रेम संबंधों में भी स्थितियाँ सुधरेंगी और आप अपने साथी के साथ समय बिता पाएंगे। जीवनसाथी के साथ यदि कोई गलतफहमी थी, तो वह भी दूर होने लगेगी। साथ ही इस महीने तीर्थ या पर्यटन यात्रा के योग भी बन रहे हैं।
धनु राशि के लिए अगस्त का पहला पक्ष अत्यंत शुभ रहेगा। करियर और व्यापार में अनुकूलता बनी रहेगी और आपकी मेहनत रंग लाएगी। यदि किसी कार्य में रुकावट थी, तो अब वह दूर होगी। आपको सम्मान मिल सकता है या कोई बड़ी ज़िम्मेदारी सौंपी जा सकती है, जिसे निभाना आपके लिए गौरव की बात होगी। छात्रों को मेहनत का पूरा फल मिलेगा और व्यापारी वर्ग को लाभ होने से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। माह के मध्य में कोई भी बड़ा निर्णय लेते समय सतर्कता ज़रूरी होगी। भागने की बजाय अपनी ज़िम्मेदारियों को समय से निभाएं। कामयाबी के लिए सामंजस्य और टीमवर्क पर ध्यान देना होगा। उत्तरार्ध में सरकारी या विभागीय अड़चनें आ सकती हैं, जिससे तनाव बढ़ सकता है। प्रेम संबंधों में बहस से बचें और संबंधों में मधुरता बनाए रखें।
मकर राशि के लिए अगस्त का महीना मिश्रित परिणाम देने वाला हो सकता है। इस माह आपको आलस्य और अहंकार दोनों से दूर रहना होगा। कार्यक्षेत्र में अगर समय पर ज़िम्मेदारियां पूरी नहीं की गईं तो सीनियर का गुस्सा झेलना पड़ सकता है। सेहत पर भी खास ध्यान दें — छोटी-सी लापरवाही आपके प्रदर्शन को प्रभावित कर सकती है। पारिवारिक और सामाजिक दोनों ही स्थानों पर अनावश्यक तर्क-वितर्क से बचें। चुनौतियों से भागने की बजाय उनका सामना करें। माह के मध्य में आपकी संप्रेषण कला और संवाद कौशल अटके हुए कार्यों को आगे बढ़ा सकता है। यदि आप शॉर्टकट से बचकर ईमानदारी से काम करेंगे तो अपेक्षा से अधिक लाभ मिलने की संभावना है। कला, लेखन या मीडिया से जुड़े लोगों के लिए उत्तरार्ध विशेष रूप से लाभकारी है। प्रेम में संयम रखें और भावुकता में आकर कोई निर्णय न लें।
कुंभ राशि के लिए अगस्त का महीना शुरूआत में अनुकूलता लेकर आएगा। कार्यक्षेत्र में विरोधियों पर विजय प्राप्त होगी और आपकी निर्णय क्षमता की सराहना होगी। पद और प्रतिष्ठा में वृद्धि संभव है। दूसरे सप्ताह में यात्रा के योग बन सकते हैं, काम के सिलसिले में हो या निजी जीवन से जुड़ी हुई। हालांकि यह दौड़-भाग थोड़ा थकाऊ साबित हो सकता है। मध्य में पारिवारिक तनाव या बुजुर्गों की सेहत को लेकर चिंता रह सकती है। नियमों का पालन न करने पर परेशानी बढ़ सकती है, इसलिए सतर्क रहें। किसी भी प्रकार की जल्दबाज़ी या जोखिम से दूरी बनाकर चलना हितकर रहेगा। प्रेम और वैवाहिक जीवन में सामंजस्य बनाए रखने के लिए एकतरफा दबाव डालने से बचें। संवाद के माध्यम से समस्याओं को सुलझाएं।
मीन राशि के लिए अगस्त मिश्रित संकेत लेकर आया है। माह की शुरुआत में किसी भी व्यक्ति या मौके को नज़रअंदाज़ न करें, क्योंकि वही आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। कोई भी बड़ी ज़िम्मेदारी उठाने से पहले उसके परिणामों पर विचार करें। आत्मीय संबंधों में संवाद बनाए रखना ज़रूरी होगा — आपकी कही गई एक बात किसी के दिल को ठेस पहुंचा सकती है। इस महीने खर्च नियंत्रित रखना होगा। जितनी चादर हो, उतने ही पैर फैलाएं, वरना अंत तक आर्थिक बोझ बढ़ सकता है। नए दोस्तों के चक्कर में पुराने संबंधों को नज़रअंदाज़ करना भारी पड़ सकता है। उत्तरार्ध में सफलता का घमंड संबंधों में खटास ला सकता है, इसलिए विनम्रता बनाए रखें। दांपत्य जीवन में तालमेल के लिए अपने जीवनसाथी की भावनाओं को समझें और उन्हें पर्याप्त समय दें।
Updated on:
29 Jul 2026 02:56 pm
Published on:
29 Jul 2026 02:56 pm
