22 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Saptahik Rashifal 24-30 May 2026: बुध गोचर और गंगा दशहरा से इन राशियों को धन लाभ के योग

Horoscope Weekly 24-30 May 2026: 24 से 30 मई 2026 का साप्ताहिक राशिफल पढ़ें। बुध गोचर, गंगा दशहरा और ग्रह परिवर्तन का तुला, वृश्चिक, धनु, मकर, कुंभ और मीन राशि पर क्या असर पड़ेगा, जानें करियर, धन, प्रेम और स्वास्थ्य भविष्यफल।

5 min read
Google source verification

भारत

image

Manoj Vashisth

May 22, 2026

Weekly Horoscope Hindi

Saptahik Rashifal 2026: 24 से 30 मई 2026 का साप्ताहिक राशिफल पढ़ें। (फोटो सोर्स : AI@chatgpt)

Saptahik Rashifal 24-30 May 2026:मई 2026 का आखिरी सप्ताह कई बड़े ग्रह गोचर और शुभ संयोग लेकर आ रहा है। सूर्य रोहिणी नक्षत्र में रहेंगे, जबकि बुध मृगशिरा से मिथुन राशि में प्रवेश करेंगे। मंगल भरणी नक्षत्र में गोचर करेंगे और गंगा दशहरा का पावन पर्व भी इसी सप्ताह पड़ रहा है। ज्योतिषीय गणनाओं के अनुसार तुला, कुंभ और धनु समेत कई राशियों को करियर, धन लाभ और प्रमोशन में फायदा मिल सकता है, जबकि कुछ राशियों को स्वास्थ्य और खर्चों को लेकर सतर्क रहना होगा।

तुला साप्ताहिक राशिफल | Tula Weekly Rashifal

तुला राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह थोड़ा उठापटक लिए रहने वाला है। जीवन से जुड़े तमाम क्षेत्रों में दिक्कतों के बावजूद अंतत: चीजें आपके पक्ष में बन जाएंगी। इस सप्ताह नौकरीपेशा लोगों पर कामकाज का अतिरिक्त दबाव बना रहेगा। सप्ताह के पूर्वार्ध में किसी दूसरे की गलती का खामियाजा आपको भुगतना पड़ सकता है।

तुला राशि के जातकों को इस सप्ताह अपनी आवश्यकताओं को अधिक होने से रोकना होगा, अन्यथा आपका बना बनाया बजट गड़बड़ा सकता है और धन उधार लेने तक की नौबत भी आ सकती है। यदि आप व्यवसाय में बड़ा बदलाव अथवा निवेश करने की सोच रहे हैं तो आपको ऐसा करने से पहले अपने शुभचिंतकों की सलाह अवश्य लेनी चाहिए। तुला राशि के जातक इस सप्ताह अपनी दिनचर्या और खानपान का विशेष ख्याल रखें और वाहन सावधानी के साथ चलाएं।

सेहत की दृष्टि से सप्ताह के उत्तरार्ध का समय थोड़ा प्रतिकूल रह सकता है। इस दौरान आपको किसी पुरानी बीमारी के उभरने अथवा चोट आदि लगने के कारण शारीरिक कष्ट झेलना पड़ सकता है। प्रेम प्रसंग में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं और अपने रिश्ते की मर्यादा बनाए रखें। भावनात्मक बहाव में बहकर किसी से ऐसा वादा न करें जिसे पूरा करना मुश्किल हो।
उपाय: श्री सूक्त का पाठ करें।

वृश्चिक साप्ताहिक राशिफल | Vrishchik Weekly Rashifal

वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित फलदायी रहने वाला है। इस पूरे सप्ताह आपको कोई भी बड़ा फैसला असमंजस की स्थिति में लेने से बचना चाहिए अन्यथा बड़ा आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ दोनों को ही मिलाकर चलना उचित रहेगा।

सप्ताह के मध्य में आप अपने कामकाज को लेकर थोड़ा लापरवाह हो सकते हैं। इस दौरान किसी कार्य को करते समय उचित-अनुचित का विचार अवश्य करें अन्यथा आर्थिक नुकसान के साथ अपमान भी झेलना पड़ सकता है। इस दौरान आजीविका के क्षेत्र में भी कुछ परेशानी झेलनी पड़ सकती है। टारगेट ओरिएंट काम करने वालों पर कामकाज का अधिक दबाव बना रहेगा।

व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी बाजार में आई मंदी का सामना करना पड़ सकता है। इस सप्ताह आप अपने कारोबार को आगे बढ़ाने का खूब प्रयास और परिश्रम करेंगे लेकिन उसकी अपेक्षा फलों में आपको कमी देखने को मिलेगी। पैतृक संपत्ति से जुड़े विवाद गहरा सकते हैं। किसी बात को लेकर लव पार्टनर से शिकवा-शिकायत बनी रह सकती है। सुखमय पारिवारिक जीवन जीने के लिए कामकाज की व्यस्तता से कुछ समय अपनों के लिए भी निकालें तथा उनकी भावनाओं का समझने का प्रयास करें।
उपाय: मंगलवार के दिन बंदरों को गुड़ चना खिलाएं।

धनु साप्ताहिक राशिफल | Dhanu Weekly Rashifal

धनु राशि के जातकों को इस सप्ताह कुछेक चीजों को पाने के लिए कुछेक चीजों से समझौता करना पड़ सकता है। इस सप्ताह आपको यदि आपको दो कदम आगे जाने के लिए एक कदम पीछे करना पड़े तो ऐसा करने में बिल्कुल संकोच न करें। विशेष तौर पर यदि आपका कोई मामला कोर्ट-कचहरी में चल रहा है और उसे बातचीत के जरिए हल निकलने का अवसर मिले तो उसे हाथ से बिल्कुल भी न जाने दें।

नौकरीपेशा लोगों को इस सप्ताह अपनी भावनाओं के अनुरूप कार्य करने में थोड़ी परेशानी हो सकती है। कार्यक्षेत्र में गुप्त शत्रु सक्रिय रहेंगे और आपके बनते काम को बिगाड़ने के लिए षडयंत्र रच सकते हैं।

सप्ताह के मध्य घर-परिवार के किसी सदस्य के साथ वाद-विवाद होने के कारण मन खिन्न रहेगा। इस दौरान कामकाज के सिलसिले में की जाने वाली यात्रा थकान भरी और उम्मीद से कम फलदायी रहेगी। व्यवसाय की दृष्टि से सप्ताह थोड़ा चुनौती भरा लेकिन उत्तरार्ध आशा के अनुरूप लाभ प्रदान करने वाला रहेगा। ऐसे में कारोबार से जुड़े अहम फैसले इसी दौरान लेने का प्रयास करें।

इस सप्ताह जितनी तेजी से आपके पास धन आएगा, उतनी ही तेजी से धन खर्च भी होगा। प्रेम संबंध में प्रगाढ़ता आएगी। कठिन समय में आपका लव पार्टनर मददगार साबित होगा। सप्ताह के उत्तरार्ध में आपका मन धार्मिक कार्यों में रमेगा।
उपाय: प्रतिदिन पीले चंदन अथवा हल्दी का तिलक लगाएं।

मकर साप्ताहिक राशिफल | Makar Weekly Rashifal

मकर राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह कभी खुशी कभी गम लिए रहने वाला है। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आपको बाजार में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। इस सप्ताह आपको कई बार ऐसा लगेगा कि आपका आर्थिक लाभ उतनी तेजी से नहीं बढ़ रहा है, जितनी तेजी से आपका धन खर्च हो रहा है।

सप्ताह की शुरुआत में आपको कामकाज के सिलसिले में लंबी अथवा छोटी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। यात्रा थकान भरी और खर्चीली साबित होगी। हालांकि इस दौरान आपके प्रभावी लोगों के साथ संपर्क साबित होंगे, जिनके जरिए भविष्य में लाभ की योजना से जुड़ने का अवसर मिलेगा विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करे।

इस सप्ताह नौकरीपेशा लोगों को इस बात का अहसास हो सकता है कि उन्हें उनके परिश्रम का उतना क्रेडिट नहीं मिल रहा है, जितना वे कार्यक्षेत्र में करते हैं। इसके चलते उनके मन में निराशा का भाव बना रहेगा। इस सप्ताह रिश्ते-नाते को बेहतर बनाए रखने के लिए आपको सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास करना चाहिए। प्रेम संबंध में उपजी गलतफहमियों को दूर करने के लिए संवाद का सहारा लें और क्रोध में आकर कोई बड़ा निर्णय लेने की गलती न करें अन्यथा बाद में पछताना पड़ सकता है।
उपाय: विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।

कुंभ साप्ताहिक राशिफल | Kumbh Weekly Rashifal

कुंभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह गुडलक लिए हुए है। इस सप्ताह आपके सभी सोचे हुए कार्य समय पर मनचाहे तरीके से पूरे होते हुए नजर आएंगे। सप्ताह की शुरुआत में आपको करियर-कारोबार से जुड़ी बहुप्रतीक्षित सूचना प्राप्त होगी। यदि आप व्यवसाय से जुड़े हैं तो आपका कारोबार तेज गति से आगे बढ़ेगा और उसमें आपको मनचाहा लाभ होगा।

यह सप्ताह विदेश से जुड़े व्यवसाय करने वालों के लिए अत्यधिक लाभप्रद साबित होगा। सप्ताह के पूर्वार्ध में आपके प्रभावी लोगों के साथ संबंध बनेंगे। सत्ता-सरकार से जुड़े लोगों की मदद से अटके हुए कार्य पूर्ण होंगे। इस दौरान आपके आर्थिक लाभ की मात्रा थोड़ी बढ़ती हुई नजर आ रही है। साझेदारी में व्यवसाय करने वालों को अपना कारोबार आगे बढ़ाने का अवसर प्राप्त होगा।

नौकरीपेशा लोगों को भी इस सप्ताह कार्यक्षेत्र में अनुकूलता बनी रहेगी। कार्यक्षेत्र में आप अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर तरीके से निर्वहन करने में कामयाब होंगे। मनचाही जगह पर तबादला अथवा पदोन्नति के योग बनेंगे। रिश्ते-नाते की दृष्टि से यह सप्ताह आपके लिए सुखद रहने वाला है। यदि परिवार के किसी सदस्य के साथ तनातनी चल रही थी तो बातचीत के जरिए गलतफहमियां दूर होंगी। भाई-बहनों का भरपूर सहयोग और समर्थन मिलेगा। प्रेम संबंध प्रगाढ़ होंगे। वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा।
उपाय: हनुमान चालीसा का पाठ करें।

मीन साप्ताहिक राशिफल | Meen Weekly Rashifal

मीन राशि के जातकों को इस सप्ताह कामकाज में थोड़ी बाधाओं का सामना करना पड़ सकता है। सप्ताह की शुरुआत में सोचे हुए कार्यों में अड़चनें आने से आपका मन खिन्न रहेगा। इस दौरान आपको स्वजनों से अपेक्षित सुख और सहयोग में कमी देखने को मिलेगी। सप्ताह की शुरुआत में आपको कामकाज के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा करनी पड़ सकती है। मीन राशि के जातक यात्रा के दौरान खूब सतर्क रहें और वाहन सावधानी के साथ चलाएं। इस दौरान किसी भी प्रकार का जोखिम न लें।

सप्ताह के मध्य में घर के किसी वरिष्ठ सदस्य की सेहत आपकी चिंता का कारण बन सकती है। इस दौरान छात्रों का मन पढ़ाई-लिखाई से उचट सकता है। इस सप्ताह नौकरीपेशा लोग कार्यक्षेत्र में अनुकूलता न होने पर उसमें बदलाव का मन बना सकते हैं। हालांकि उन्हें ऐसे निर्णय भावनाओं में बहकर अथवा क्रोध में आकर लेने से बचना चाहिए अन्यथा बाद में पछताना पड़ सकता है।

यदि आप साझेदारी में व्यवसाय करते हैं तो इस सप्ताह आपकी अपने पार्टनर के साथ किसी बात को लेकर असहमति रह सकती है। कुछ ऐसा ही हाल आपके निजी रिश्तों में भी देखने को मिल सकता है। प्रेम संबंध में सावधानी के साथ कदम आगे बढ़ाएं और भावनाओं में बहकर कोई बड़ा निर्णय लेने से बचें।
उपाय: नारायण कवच का पाठ करें।